गर्ल्स कॉलेज में एनएसएस का एक दिवसीय शिविर आयोजित

6
Safidon Government Girls College
जागरूकता रैली निकालते हुए स्वयंसेविकाएं।
सफीदों (एस• के• मित्तल) : नगर के राजकीय कन्या कॉलेज में एनएसएस इकाई की ओर से एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी सीमा देवी ने की। शिविर में स्वयंसेविकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर विभिन्न गतिविधियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस दौरान आयोजित कहानी प्रतियोगिता और भाषण प्रतियोगिता में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपने विचारों को प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया। वहीं अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। इस मौके पर नारी सशक्तिकरण विषय पर व्याख्यान दिया गया, जिसमें महिलाओं की शिक्षा, आत्मनिर्भरता और समाज में उनकी भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही सुनने की कला विषय पर एक अभ्यास सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें छात्राओं को प्रभावी संवाद और बेहतर संचार के महत्व के बारे में बताया गया। वहीं व्यक्तित्व विकास विषय पर आयोजित व्याख्यान में छात्राओं को आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और जीवन में सकारात्मक सोच विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया। शिविर के समापन पर एक जागरूकता रैली का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम अधिकारी सीमा देवी ने बताया कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य छात्राओं में सामाजिक जागरूकता, नेतृत्व क्षमता और सेवा भावना का विकास करना है। उन्होंने कहा कि एनएसएस के माध्यम से छात्राओं को समाज सेवा और व्यक्तित्व विकास के अवसर मिलते हैं, जिससे वे भविष्य में समाज के लिए बेहतर योगदान दे सकें।

Loading