सफीदों, (एस• के• मित्तल) : उपमंडल के गांव हाट निवासी एडवोकेट प्रवीण बूरा के साथ कथित मारपीट के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर न्याय संघर्ष समिति, हाट ने 16 अक्टूबर को जींद में प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। प्रदर्शन के बाद उपायुक्त (डीसी) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) को ज्ञापन सौंपकर मामले में कार्रवाई की मांग की जाएगी। समिति ने पंचायतों, खापों, किसान-मजदूर संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और युवाओं से प्रदर्शन में भाग लेने की अपील की है। समिति की ओर से जारी अपील के अनुसार, 16 सितंबर को गांव हाट स्थित बिजली घर में बिजली संबंधी समस्याओं को लेकर आवाज उठाने के दौरान प्रवीण बूरा के साथ बिजली कर्मचारियों द्वारा कथित तौर पर मारपीट की गई थी। इस घटना के विरोध में ग्रामीणों ने 21 सितंबर से गांव हाट में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर रखा है। समिति का कहना है कि 6 अक्टूबर को सफीदों के एसडीएम और डीएसपी को ज्ञापन सौंपने के बावजूद मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। समिति ने मांग की है कि मामले में मुख्य आरोपी सहित सभी संलिप्त लोगों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए। साथ ही निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी और विभागीय कार्रवाई की जाए। इसके अलावा हाट गांव और आसपास के क्षेत्रों में बिजली से जुड़ी समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग की गई है। समिति का कहना है कि बिजली संबंधी शिकायतों के समाधान के लिए प्रभावी व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि ग्रामीणों को बार-बार परेशानी का सामना न करना पड़े। समिति के मुताबिक, 16 अक्टूबर, शुक्रवार को दोपहर 12 बजे गांव पांडु-पिंडारा के पास खाली जगह से प्रदर्शन के लिए काफिला रवाना करने की योजना है। काफिला हाट अनाज मंडी से राजा वाली सड़क होते हुए भंभेवा के रास्ते जींद पहुंचेगा। अपील में नया बस स्टैंड, जींद में दोपहर एक बजे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का भी आह्वान किया गया है। समिति ने कहा कि यह मामला केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि न्याय, सम्मान और अधिकारों से जुड़ा है। समिति ने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी होने तक संघर्ष जारी रखा जाएगा।
![]()











