डीसी-एसपी के आश्वासन पर 25 दिन बाद हाट गांव में धरना समाप्त फरार आरोपी की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन गांव को जगमग योजना में किया जाएगा शामिल

4
Safidon News

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : उपमंडल के गांव हाट स्थित 33 केवी बिजली घर में अधिवक्ता प्रवीण कुमार बूरा के साथ कथित मारपीट के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी और बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर पिछले 25 दिनों से चल रहा धरना वीरवार को समाप्त हो गया। डीसी वैशाली शर्मा और एसपी कुलदीप सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने गांव पहुंचकर ग्रामीणों से बातचीत की और उनकी मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त करने का निर्णय लिया। इसके बाद क्रमिक अनशन पर बैठे लोगों को जूस पिलाकर अनशन भी समाप्त करवाया गया। धरना समाप्त होने के बाद ग्रामीणों ने गांव पहुंचे अधिकारियों का पगड़ी पहनाकर और शॉल भेंट करके अभिनंदन किया। गौरतलब है कि ग्रामीणों और किसानों ने इस मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर 16 अक्टूबर को जींद में प्रदर्शन करने का ऐलान किया था। इसके लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही थीं और विभिन्न संगठनों तथा ग्रामीणों से प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की गई थी। इसी बीच वीरवार को डीसी वैशाली शर्मा, एसपी कुलदीप सिंह, एसडीएम पुलकित मल्होत्रा और बिजली निगम के एसई विनोद कुमार सहित कई अधिकारी गांव हाट पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान को लेकर चर्चा की।
बाक्स:
20 घंटे बिजली देने का आश्वासन
बैठक के दौरान ग्रामीणों ने गांव में बिजली आपूर्ति की समस्या उठाते हुए प्रतिदिन 20 घंटे बिजली उपलब्ध करवाने की मांग रखी। इस पर बिजली निगम के एसई विनोद कुमार ने आश्वासन दिया कि गांव में 20 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। हालांकि, उन्होंने इसके लिए ग्रामीणों से गांव को जगमग योजना के तहत लाने में बिजली निगम का सहयोग करने की बात कही। ग्रामीणों को उम्मीद है कि इस आश्वासन के बाद गांव में बिजली व्यवस्था में सुधार होगा और उन्हें बार-बार बिजली संबंधी परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
बाक्स:
फरार आरोपी की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा
अधिवक्ता प्रवीण कुमार बूरा के साथ कथित मारपीट के मामले में एसपी कुलदीप सिंह ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी होने तक किसी भी आरोपी को मुकदमे से बाहर नहीं किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक के इस आश्वासन को ग्रामीणों ने स्वीकार करते हुए धरना समाप्त करने का निर्णय लिया। हालांकि, ग्रामीणों ने मामले में शेष आरोपियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग पर जोर दिया।
बाक्स:
एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की गिरफ्तारी बाकी
अधिवक्ता प्रवीण कुमार बूरा की शिकायत के आधार पर इस मामले में एसडीओ ग्रामीण प्रभात, जेई रतनलाल, जेई राजेंद्र, लाइनमैन रवि और ऑपरेटर मनीष के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। ग्रामीणों के अनुसार, मामले में एक आरोपी लाइनमैन रवि को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी बाकी है। ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली संबंधी समस्याओं को लेकर आवाज उठाने के दौरान अधिवक्ता के साथ कथित मारपीट की गई थी। इसी घटना के विरोध में ग्रामीणों ने धरना शुरू किया था।

Loading