सफीदों में सनसनीखेज मामला नाबालिग ने पिता पर दुष्कर्म के प्रयास और बेचने की धमकी का लगाया आरोप

7
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सफीदों सदर थाना क्षेत्र से एक बेहद गंभीर और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक नाबालिग लड़की ने अपने ही पिता पर दुष्कर्म के प्रयास, मारपीट, धमकी और उसे बेचने की कोशिश जैसे संगीन आरोप लगाए हैं। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि 2 जुलाई की रात वह अपने घर में चारपाई पर सो रही थी। इसी दौरान उसका पिता रवि उसके पास आया और कथित रूप से उसके पेट पर बैठकर उसके गुप्त अंगों के साथ छेड़छाड़ करने लगा। लड़की ने आरोप लगाया कि उसके पिता ने उसके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की। जब उसने शोर मचाया तो उसकी मां की नींद खुल गई और उसने इस कृत्य का विरोध किया। पीड़िता के अनुसार, विरोध करने पर आरोपी पिता ने गुस्से में आकर मां-बेटी दोनों को जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, लड़की का आरोप है कि उसके पिता ने कहा कि वह उसे 20 हजार रुपये में बेच देगा। पीड़िता ने यह भी बताया कि उसी रात आरोपी ने कुछ अन्य लोगों को घर पर बुलाया और उसे जबरन उठाकर ले जाने की कोशिश की। घटना से घबराई लड़की किसी तरह वहां से बचकर अपनी नानी के घर हिसार पहुंच गई, जहां उसने पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद पीड़िता ने थाना एचटीएम हिसार में शिकायत दर्ज कराई। हिसार पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जीरो एफआईआर दर्ज की और इसे जींद पुलिस को स्थानांतरित कर दिया। पीड़िता का यह भी आरोप है कि घटना के बाद भी आरोपी पिता ने उसे फोन पर लगातार गालियां दीं और धमकियां दीं। इससे वह मानसिक रूप से काफी डरी और सहमी हुई है। इस मामले में सफीदों सदर थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर पॉक्सो एक्ट व भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

Loading