सफीदों (एस• के• मित्तल) : हौसले बुलंद हों तो कोई भी चुनौती सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकती। गांव जयपुर की बेटी और एथलेटिक खेल नर्सरी, सीनियर सेकेंडरी स्कूल सफीदों की छात्रा अंशिका ने अपनी प्रतिभा और कड़ी मेहनत के दम पर इसे साबित कर दिखाया है। गुरुग्राम में आयोजित दो दिवसीय एथलेटिक प्रतियोगिता में अंशिका ने 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान हासिल कर दो गोल्ड मेडल अपने नाम किए। मूक-बधिर होने के बावजूद अंशिका की इस उपलब्धि से परिवार, विद्यालय, खेल नर्सरी और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। अंशिका की इस शानदार उपलब्धि पर वीरवार को सफीदों में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान ओम् आयुर्वेदा के आचार्य एवं समाजसेवी विकास कुमार ने अंशिका को फूल मालाओं और नोटों की माला पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने बेटी की उपलब्धि की सराहना करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं, खेल कमेटी की ओर से आचार्य विकास कुमार का भी फूल मालाओं और गुलदस्ता भेंट कर सम्मान किया गया।
बाक्स:-
कड़ी मेहनत और निरंतर अभ्यास से हासिल की सफलता
खेल नर्सरी के कोच प्रमोद शर्मा ने बताया कि सीनियर सेकेंडरी स्कूल सफीदों में खेल नर्सरी निशुल्क संचालित की जा रही है। यह नर्सरी प्रिंसिपल योगेंद्र पाल और डीएसओ रामपाल हुड्डा की देखरेख में चल रही है। उन्होंने बताया कि अंशिका ने नियमित अभ्यास, मेहनत और लगन के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है। अंशिका माता प्रकाश एवं स्वर्ण वाणी जन कल्याण केंद्र, करनाल की छात्रा भी है। गुरुग्राम में आयोजित प्रतियोगिता में दोनों स्पर्धाओं में प्रथम स्थान हासिल करके उसने अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया और गांव जयपुर सहित सफीदों की खेल नर्सरी का नाम रोशन किया।
बॉक्स :-
प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देना हमारा संकल्प : आचार्य विकास कुमार
ओम् आयुर्वेदा के आचार्य एवं समाजसेवी विकास कुमार ने कहा कि प्रतिभावान बच्चों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहन और सहयोग देना समाज की जिम्मेदारी है। अंशिका ने अपनी मेहनत, लगन और हौसले से साबित किया है कि शारीरिक चुनौतियां प्रतिभा की राह में बाधा नहीं बन सकतीं। उन्होंने कहा कि अंशिका की सफलता उसके परिवार और गांव के साथ-साथ पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। ऐसी प्रतिभाओं को उचित मंच और सहयोग मिलना चाहिए, ताकि वे भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने अंशिका के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ओम् आयुर्वेदा प्रतिभावान खिलाड़ियों और जरूरतमंद बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए सदैव तत्पर रहेगा। उन्होंने अंशिका के परिवार और खेल नर्सरी कमेटी को हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।
इस सम्मान समारोह में कोच प्रमोद शर्मा, कोच रोबिन, पार्षद दीपक चौहान, सुखबीर, अमित पांचाल, सुशील शर्मा, राजेश सैनी, अंकित राणा, दलबीर नायडू, हरजिंदर सिंह, प्रेम जागलान, खेल कमेटी के सदस्य, खिलाड़ी और अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
![]()









