4 की रैली में सीएम नायब सिंह सैनी करेंगे बड़ी घोषणाएं

10
Safidon rally

मोहनलाल बडोली ने दिया रैली का निमंत्रण

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : आगामी 4 अप्रैल को सफीदों की अनाज मंडी में प्रस्तावित विशाल रैली को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली पिल्लुखेड़ा पहुंचे और लोगों को रैली में शामिल होने का निमंत्रण दिया। इस दौरान उनके साथ जिलाध्यक्ष तेजेंद्र ढुल, हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के पूर्व सदस्य एडवोकेट विजयपाल सिंह, प्रदेश प्रवक्ता राजवीर रोहिल्ला, मंडल महामंत्री सोहन सिंह रजाना, बीएलए वन नारायण दत्त शर्मा व ब्राह्मण सभा से डॉ कश्मीरी लाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।लोगों को संबोधित करते हुए मोहनलाल बडोली ने कहा कि सफीदों में आयोजित होने वाली यह रैली ऐतिहासिक साबित होगी और क्षेत्र के विकास को नई दिशा देने का काम करेगी। उन्होंने बताया कि इस रैली में बतौर मुख्य अतिथि प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शिरकत करेंगे और करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं की घोषणा करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार जनकल्याणकारी नीतियों पर काम कर रही है और हर वर्ग के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। सफीदों रैली इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगी, जिसमें क्षेत्र की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए नई योजनाओं का खाका तैयार किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री की घोषणाओं से क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी और लोगों को इसका सीधा लाभ पहुंचेगा। प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि वे घर-घर जाकर लोगों को रैली के बारे में जानकारी दें और अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि यह रैली न केवल राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि क्षेत्र के भविष्य के विकास के लिए भी मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने बताया कि रैली को सफल बनाने के लिए पार्टी स्तर पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। विभिन्न मंडलों और बूथ स्तर पर बैठकों का दौर जारी है और कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। आयोजन स्थल पर भी व्यवस्थाओं को लेकर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Loading