सफीदों में निकाली गई भव्य निशान यात्रा

2
Shri Satyanarayan Mandir
यात्रा में शामिल श्रद्धालुगण।
सफीदों (एस• के• मित्तल) : नगर में श्री सतनारायण मंदिर सभा के तत्वावधान में विशाल निशान यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। इस धार्मिक यात्रा में नगर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। यात्रा की अगुवाई मंदिर समिति के प्रधान राजेंद्र मित्तल ने की। निशान यात्रा का शुभारंभ नगर के ऐतिहासिक नागक्षेत्र सरोवर से हुआ। सरोवर पर पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान के बाद श्रद्धालुओं ने विधिवत निशान उठाए और जय श्री श्याम के जयघोष के साथ यात्रा आगे बढ़ी। श्रद्धालु डीजे पर बज रहे भजनों की धुन पर झूमते-नाचते हुए आगे बढ़ते रहे, जिससे नगर का वातावरण पूरी तरह धार्मिक रंग में रंग गया।

यात्रा में शामिल बाबा श्याम की पालकी।

यात्रा नगर के प्रमुख बाजारों, चौक-चौराहों और मोहल्लों से होते हुए गुजरी। रास्ते भर लोगों ने श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया और कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए जलपान व प्रसाद की भी व्यवस्था की गई। यात्रा का समापन पुरानी अनाज मंडी स्थित श्री सतनारायण मंदिर में हुआ, जहां श्रद्धालुओं ने विधिपूर्वक बाबा श्याम को निशान अर्पित किए। मंदिर परिसर में पहुंचते ही भजन-कीर्तन और जयकारों से वातावरण गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम के दर्शन कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि यह निशान यात्रा हर वर्ष श्रद्धा और परंपरा के साथ निकाली जाती है और इसका उद्देश्य समाज में धार्मिक एकता, सद्भाव और भक्ति की भावना को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

Loading