सोनीपत में 75 वर्षीय महिला से गहने और नकदी ले गए दो युवक, कपड़े की पोटली में थमाए कंकड़

3
Sonipat News

सोनीपत। गीता भवन क्षेत्र में बुधवार को दो युवकों ने 75 वर्षीय चंद्रो देवी को झांसे में लेकर उनके सोने के बाले, अंगूठी और नकदी ले ली। परिजनों के अनुसार, आभूषणों की कीमत करीब 1.75 लाख रुपये है और 5500 रुपये नकद भी ले जाए गए। सिविल लाइन थाना पुलिस ने शिकायत पर जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।

पुरखास अड्डा निवासी धर्मजीत ने शिकायत में बताया कि उनकी दादी चंद्रो देवी सुबह बैंक से पेंशन निकालने गई थीं। इसके बाद वह रकम जमा करवाने के लिए गीता भवन के पास स्थित मुख्य डाकघर की ओर पैदल जा रही थीं।

किराए के पैसे मांगने के बहाने रोका
शिकायत के अनुसार, संजीवनी अल्ट्रासाउंड सेंटर के सामने दो युवकों ने महिला को रोक लिया। उन्होंने नरेला जाने के लिए किराए के पैसे नहीं होने की बात कही और बदले में नोटों की गड्डी देने का झांसा दिया। महिला ने इनकार किया, लेकिन आरोपी लगातार बातचीत करते रहे।

परिजनों का आरोप है कि एक युवक ने कपड़े में लिपटा बंडल महिला की नाक के पास किया, जिसके बाद वह असामान्य महसूस करने लगीं। किसी नशीले पदार्थ के इस्तेमाल या कथित सम्मोहन की पुष्टि सामने नहीं आई है।

निर्माणाधीन गली में ले जाकर उतारे आभूषण
आरोप है कि दोनों युवक महिला को बात करने के बहाने मधु स्पोर्ट्स वाली गली में ले गए। निर्माण कार्य के कारण वहां आवाजाही सीमित थी। आरोपियों ने महिला की अंगूठी और कानों के बाले उतार लिए। विरोध के बावजूद आभूषण वापस नहीं दिए गए।

शिकायत के मुताबिक, महिला को नोटों की जगह कागजों का बंडल थमा दिया गया। गहने मांगने पर कपड़े में कंकड़ बांधकर दिए और कहा कि पोटली घर जाकर खोलना।

घर पहुंचने के बाद महिला ने परिजनों को घटना बताई, जिसके बाद पुलिस को शिकायत दी गई। पुलिस घटनाक्रम और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।

Loading