विधायक रामकुमार गौतम ने मशीन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सफीदों शहर की सीवरेज व्यवस्था को और अधिक सुचारू एवं प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। विधायक रामकुमार गौतम ने जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा खरीदी गई अत्याधुनिक सीवरेज जेटिंग मशीन को हरी झंडी दिखाकर शहर में कार्य के लिए रवाना किया। इस मौके पर भाजपा जिला प्रभारी मदन लाल गोयल, पूर्व विधायक कली राम पटवारी, जिलाध्यक्ष तेजेंद्र ढुल विशेष रूप से मौजूद थे। इस अवसर पर विधायक रामकुमार गौतम ने बताया कि सफीदों शहर में लगभग 55 किलोमीटर लंबी सीवरेज लाइन बिछी हुई है, जिसकी नियमित सफाई और रखरखाव के लिए यह मशीन अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी। यह मशीन लगभग 20 लाख रुपये की लागत से खरीदी गई है, जिससे सीवरेज लाइनों में होने वाले जाम, गंदगी और ओवरफ्लो की समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो सकेगा। उन्होंने कहा कि सीवरेज जेटिंग मशीन के माध्यम से उच्च दबाव के पानी से पाइप लाइनों की सफाई की जाएगी, जिससे सीवरेज व्यवस्था लंबे समय तक सुचारू रूप से चलती रहेगी और शहरवासियों को गंदगी व जलभराव जैसी समस्याओं से राहत मिलेगी। यह कदम स्वच्छता और जनस्वास्थ्य की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। विधायक ने जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मशीन का उपयोग नियमित रूप से किया जाए ताकि सीवरेज से जुड़ी शिकायतों का समय पर निपटारा हो सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार और संबंधित विभागो के अधिकारी शहर के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं और भविष्य में भी नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए ऐसे ही कार्य किए जाते रहेंगे। इस मौके जन स्वास्थ्य विभाग के एसडीओ राकेश शर्मा ने बताया कि शहर वासियों की सुविधा के लिए खरीदी गई यह मशीन सीवरेज की सफाई व्यवस्था करने के लिए काफी कारगर सिद्ध होगी। इस मशीन पर विभाग के चार कर्मी कार्य करेंगे और शहर वासियों को सीवरेज की सफाई व्यवस्था से संबंधित दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि जल्द ही विभाग द्वारा जल्द ही सेल्ट ग्रेवल मशीन खरीदने का कार्य किया जाएगा, जो सीवरेज लाइन में फसे ठोस कूड़ा करकट को बाहर निकाल कर मदद करेगी।
इस कार्यक्रम से पहले विधायक रामकुमार गौतम की अध्यक्षता लैया धर्मशाला में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित किया गया। विधायक रामकुमार गौतम ने कहा कि अटल जी भारतीय राजनीति के ऐसे महान व्यक्तित्व थे, जिन्होंने अपने विचारों, कार्यशैली और दूरदर्शिता से देश को नई दिशा दी। उनका जीवन राष्ट्र सेवा, लोकतांत्रिक मूल्यों और सर्व समावेशी विकास का प्रतीक रहा है।
![]()











