खबर छपने के बाद जागा जनस्वास्थ्य विभाग वार्ड 12 में शुरू हुआ नया ट्यूबवैल लगाने का काम लोगों को जल्द उपलब्ध होगा स्वच्छ पेयजल : एसडीओ

2
Ward 12
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : नगर के वार्ड नंबर 12 में पिछले करीब एक माह से चली आ रही पेयजल समस्या अब दूर होती दिखाई दे रही है। समाचार पत्रों में समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद जनस्वास्थ्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्थायी समाधान की दिशा में कदम बढ़ाया है। विभाग ने नगर के रैस्ट हाऊस परिसर में नया ट्यूबवैल लगाने का कार्य शुरू कर दिया है। नए ट्यूबवैल के चालू होने के बाद वार्डवासियों को साफ और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध होने की उम्मीद जगी है। गौरतलब है कि वार्ड नंबर 12 के बर्फ फैक्ट्री वाली गली में लगे ट्यूबवैल से पिछले करीब एक माह से पानी के साथ लगातार रेत आने की समस्या बनी हुई थी। नलों से आने वाले पानी में रेत और गंदगी की मात्रा इतनी अधिक थी कि लोगों के सामने पीने के पानी का संकट खड़ा हो गया था। शुरुआत में क्षेत्रवासियों ने इसे कुछ दिनों की अस्थायी समस्या समझा, लेकिन समय बीतने के साथ समस्या समाप्त होने के बजाय और गंभीर होती गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि नल खोलते ही पानी के साथ रेत आने लगती थी। इस कारण घरों में आने वाला पानी पीने योग्य नहीं रह गया था। लोगों को पीने के पानी के लिए दूसरे स्रोतों पर निर्भर होना पड़ रहा था। लंबे समय तक समस्या का समाधान नहीं होने से क्षेत्रवासियों में जनस्वास्थ्य विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ने लगी थी। लोगों ने चेतावनी दी थी कि यदि जल्द ही साफ पानी की व्यवस्था नहीं की गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। इसी बीच समाचार पत्रों ने वार्डवासियों की इस गंभीर समस्या को प्रमुखता से उठाया। खबर प्रकाशित होने के बाद जनस्वास्थ्य विभाग ने समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में कार्रवाई तेज कर दी। विभाग ने पुराने ट्यूबवैल की समस्या को देखते हुए आननफानन में नगर के रैस्ट हाऊस के खाली पड़े स्थान पर नया ट्यूबवैल लगाने का फैसला लिया।
बाक्स:
क्या कहते हैं एसडीओ?
जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ राजेश शर्मा ने बताया कि वार्ड नंबर 12 में पेयजल समस्या विभाग के संज्ञान में थी। समस्या का स्थायी समाधान करने के लिए नया ट्यूबवैल लगाने का निर्णय लिया गया। इसके लिए काफी समय से उपयुक्त स्थान की तलाश की जा रही थी। अब नगर के रैस्ट हाऊस परिसर में ट्यूबवैल लगाने के लिए जगह उपलब्ध हो गई है और वहां काम शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि आगामी कुछ दिनों में नया ट्यूबवैल लगाने का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद वार्ड नंबर 12 के लोगों को साफ-सुथरा पेयजल उपलब्ध करवाने की व्यवस्था की जाएगी। लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाया विभाग की सबसे बड़ी प्राथमिकता है।

Loading