हाट रोड रेलवे फाटक पर लगवाया वाटर कूलर

1
water cooler installation

राहगीरों को मिलेगा भयंकर गर्मी में ठण्डा पानी 

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : पड़ रही भीषण गर्मी के बीच समाजसेवी लोगों ने मानव सेवा की मिसाल पेश करते हुए हाट रोड स्थित रेलवे फाटक के पास वाटर कूलर स्थापित करवाया। इस पहल से रोजाना यहां से गुजरने वाले हजारों राहगीरों, यात्रियों और स्थानीय लोगों को अब ठंडा पानी उपलब्ध हो सकेगा, जिससे उन्हें गर्मी से काफी राहत मिलेगी। पंडित संजीव गौतम और सोमदत्त अत्री ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ वाटर कूलर की स्थापना करवाकर इसे आम जनता को समर्पित किया। समाजसेवी नरेश जैन और डॉ. सुनील शर्मा ने बताया कि हाट रोड रेलवे फाटक के पास एक प्रमुख बस स्टॉप है, जहां प्रतिदिन हजारों लोग बसों और अन्य वाहनों का इंतजार करते हैं। इस भयंकर गर्मी में यहां पर वाटर कूलर की सख्त जरूरत महसूस की जा रही थी। इसी को ध्यान में रखते हुए समाजसेवी लोगों ने मिलकर यह पहल की, ताकि लोगों को ठंडा और स्वच्छ पानी मिल सके। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस वाटर कूलर से राहगीरों को काफी राहत मिलेगी और उन्हे गर्मी के दौरान ठण्डा जल उपलब्ध होगा। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों में प्रसाद भी वितरित किया गया।

Loading