कार्यरत महिलाओं के लिए सरकारी वर्किंग वुमन हॉस्टल में आवास हेतु आवेदन आमंत्रित

109
WomenEmpowerment

बाहर से आने वाली महिलाओं को हॉस्टल में सुरक्षित,

स्वच्छ व किफायती आवास की मिलेगी प्राथमिकता

जींद : जिले में कार्यरत महिलाओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा संचालित सरकारी वर्किंग वुमन हॉस्टल, जींद में आवास के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह हॉस्टल सफीदों रोड स्थित उमराव होटल के सामने संचालित किया जा रहा है।
अतिरिक्त उपायुक्त विवेक आर्य ने बताया कि हॉस्टल में सरकारी, अर्धसरकारी, निजी क्षेत्र अथवा स्वरोजगार में कार्यरत महिलाओं के लिए आवास की सुविधा उपलब्ध है। जिले या शहर से बाहर से आने वाली महिलाओं, जिनके पास स्थानीय स्तर पर उपयुक्त आवास नहीं है, को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा महिला प्रशिक्षु व इंटर्न को भी उपलब्धता के आधार पर आवास दिया जा सकता है। रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव रवि हुड्डा ने बताया कि हॉस्टल में सिंगल व ट्विन शेयरिंग कमरे, 24 घंटे सुरक्षा व्यवस्था व सीसीटीवी निगरानी, प्रत्येक कमरे में किचन सुविधा, कॉमन मैस व मनोरंजन कक्ष, स्वच्छ पेयजल, स्वच्छता व्यवस्था, बिजली बैक-अप तथा नियमित रख-रखाव की सुविधा उपलब्ध है। साथ ही उपलब्धतानुसार वाई-फाई व रीडिंग रूम की सुविधा भी दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि सिंगल रूम (सिंगल शेयरिंग) का मासिक किराया 3 हजार रुपये तथा ट्विन शेयरिंग रूम का मासिक किराया 2 हजार रुपये निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त 500 रुपये प्रतिमाह मेंटेनेंस शुल्क तथा बिजली शुल्क वास्तविक खपत के अनुसार देय होगा। आवश्यकतानुसार हॉस्टल प्रशासन को किराया व शुल्क में संशोधन का अधिकार रहेगा।हॉस्टल में प्रवेश के लिए इच्छुक महिलाएं वार्डन कार्यालय से आवेदन प्रपत्र प्राप्त कर सकती हैं। आवेदन पत्र के साथ रोजगार अथवा आय प्रमाण पत्र, पहचान पत्र, दो पासपोर्ट साइज फोटो तथा (यदि लागू हो) स्थानीय अभिभावक का विवरण संलग्न करना होगा। आवास का आवंटन पात्रता व उपलब्धता के आधार पर पहले आओ–पहले पाओ के सिद्धांत पर किया जाएगा। प्रवेश हॉस्टल वार्डन व जिला सामाजिक कल्याण अधिकारी की स्वीकृति के अधीन होगा।
अधिक जानकारी के लिए इच्छुक आवेदक सरकारी वर्किंग वुमन हॉस्टल, जींद की वार्डन से संपर्क नंबर 9729111733 पर संपर्क कर सकते हैं अथवा ई-मेल redcrosslind12@gmail.com पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Loading