कथित साधु बनकर घर में घुसा युवक, महिला से जेवर छीनने का प्रयास

27
Yamunanagar crime

शोर मचाते ही मौके से फरार हुआ संदिग्ध, पुलिस जांच में जुटी

यमुनानगर में एक घर में कथित साधु के वेश में पहुंचे युवक द्वारा चोरी का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, आरोपी ने खुद को धार्मिक व्यक्ति बताकर घर का दरवाजा खुलवाया और भीतर प्रवेश कर लिया।

बताया जा रहा है कि घर में उस समय बिजली विभाग में कार्यरत कर्मी की पत्नी अकेली थीं। आरोपी ने बातचीत के बहाने उनका ध्यान भटकाया और फिर अचानक गहने छीनने की कोशिश की। महिला ने तुरंत शोर मचाया, जिससे आसपास के लोग सतर्क हो गए। लोगों के इकट्ठा होने की आहट पाकर आरोपी मौके से भाग निकला।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी साधु के वेश में लोगों का विश्वास जीतकर वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।

पुलिस ने मामला दर्ज कर संदिग्ध की पहचान के प्रयास तेज कर दिए हैं। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि अज्ञात व्यक्तियों को घर में प्रवेश देने से पहले पूरी सतर्कता बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।

फिलहाल आरोपी की तलाश जारी है और पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Loading