यमुनानगर में 150 गज के प्लॉट के विवाद में बुआ की हत्या का खुलासा, भतीजे और उसके साले पर आरोप; दो महीने बाद सुलझी गुत्थी

3
Yamunanagar News

यमुनानगर। शहर की खड्डा कॉलोनी में 56 वर्षीय पुष्पा रानी की हत्या के मामले में करीब दो महीने बाद पुलिस जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार, 150 गज के प्लॉट को बेचने को लेकर चल रहे पारिवारिक विवाद में मृतका के भतीजे विकास उर्फ विक्की ने अपने साले प्रीतपाल उर्फ सन्नी के साथ मिलकर कथित तौर पर वारदात को अंजाम दिया था। जांच में सामने आया कि पुष्पा रानी के नाम खड्डा कॉलोनी में 150 गज का प्लॉट था, जिसे उनका भतीजा विकास बेचना चाहता था। आरोप है कि वह इसके लिए अपनी बुआ पर लगातार दबाव बना रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। पुलिस जांच के मुताबिक, 13 अगस्त की रात विकास अपने साले प्रीतपाल के साथ पुष्पा रानी के घर पहुंचा। वहां प्लॉट बेचने को लेकर कहासुनी हुई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर विकास ने स्टील की पानी की बोतल से पुष्पा रानी के सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौत हो गई और दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पुष्पा रानी अपने छोटे बेटे दीपक के साथ रहती थीं, जबकि बड़ा बेटा पवन परिवार सहित पास के मकान में रहता है। घटना वाली रात करीब आठ बजे दीपक निजी कंपनी से ड्यूटी करके घर लौटा तो मुख्य दरवाजा खुला मिला। अंदर पहुंचने पर उसने मां को खून से लथपथ जमीन पर पड़ा देखा। इसी दौरान उसकी बहन पूजा का फोन आया, जिसे दीपक ने घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और खून के निशान वाली स्टील की बोतल बरामद की। पोस्टमॉर्टम में मृतका के सिर में कई फ्रैक्चर और नाक की हड्डी टूटने की पुष्टि हुई थी। शुरुआत में पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने का कोई स्पष्ट सुराग नहीं मिला था। बाद में परिजनों और रिश्तेदारों से पूछताछ के दौरान संपत्ति विवाद की जानकारी सामने आई। इसी आधार पर जांच आगे बढ़ने पर चाऊवाला निवासी विकास और वीणानगर निवासी प्रीतपाल की कथित भूमिका सामने आई। पुलिस मामले से जुड़े साक्ष्यों और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

Loading