स्कूल का 9वां वार्षिकोत्सव धूमधाम से संपन्न

6
Divas Public School
बच्चों को सम्मानित करते हुए अतिथि।
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : उपमंडल के गांव खेडा खेमावती में डिवस पब्लिक स्कूल का 9वां वार्षिकोत्सव रविवार को धूमधाम से संपन्न हुआ। समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिक्षाविद नरेश सिंह बराड़ व सॉफ्टवेयर इंजीनियर अन्नू कौशिक ने शिरकत की। समारोह की अध्यक्षता करते हुए स्कूल के चेयरमैन विजय भार्गव ने अतिथियों को पुष्पगुच्छ देकर अभिनंदन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती प्रतीमा के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलन करके किया गया। समारोह में बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। इस समारोह में पढ़ाई, खेलों व सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में नरेश सिंह बराड़ ने कहा कि वर्तमान समय में नैतिक मूल्यों की जानकारी देना हम अभिभावकों के लिए भी उतना ही जरूरी है जितना कि शिक्षकों के द्वारा। उन्होंने कहा कि यदि समाज के हर वर्ग के लोग बच्चों के हरेक गतिविधियों पर नजर रखे और नैतिक मूल्यों का पाठ पढ़ाए तो निश्चित रूप से एक सुंदर समाज का निर्माण होगा। आज के समय में खेल का भी उतना ही महत्व है जितना की पढ़ाई में। शिक्षा और खेल अब एक दूसरे के विरोधी नहीं है, बल्कि संतुलित जीवन के लिए अनिवार्य है। जहां शारीरिक व मानसिक विकास के लिए खेल उतना ही जरूरी है जितनी पढ़ाई। इस विशेष मौके पर अन्नू कौशिक ने अपने निजी जीवन के वो पल भी साझा किए कि कैसे पिता की कम कमाई में तीन बहनों और एक भाई की पढ़ाई पूरी की और दो कमरों के घर मे उन्होंने पढ़ाई कर आज ये मुकाम हासिल किया। अन्नू कौशिक ने अभिभावकों से छोटे बच्चों को मोबाइल फोन से दूर रखने की अपील करते हुए कहा कि यह पहल बच्चों को सफलता का मुकाम दे सकती है। अपने संबोधन में चेयरमैन विजय भार्गव ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए स्कूल प्रबंधन दिनरात एक करके मेहनत कर रहा है। बच्चों को उनकी रूचि के क्षेत्र में आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

Loading