हिसार STF ने पंजाब के पांच लाख के इनामी शक्ति कुमार को पकड़ा, कारोबारी हत्याकांड में था वांछित

2
Hisar STF

हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स ने पंजाब के पांच लाख रुपए के इनामी आरोपी शक्ति कुमार को हिसार में गिरफ्तार किया है। हिसार एसटीएफ की टीम ने उसे राजगढ़ रोड स्थित बाईपास फ्लाईओवर के पास से पकड़ा। पुलिस के अनुसार, आरोपी अबोहर के कारोबारी संजय वर्मा की हत्या के मामले में वांछित था और लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप से जुड़ा हुआ है।

शक्ति कुमार पंजाब के अबोहर स्थित राजीव नगर का निवासी है। एसटीएफ ने उसके कब्जे से एक अवैध .32 बोर पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस बरामद करने की जानकारी दी है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे हत्याकांड में उसकी भूमिका और हथियार मिलने के संबंध में पूछताछ कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में शक्ति ने अबोहर के राजावाली निवासी आरजू बिश्नोई को अपना दोस्त बताया। उसने आरजू के कहने पर लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप में शामिल होने की बात कही है। पुलिस इस जानकारी के आधार पर उसके संपर्कों और गतिविधियों की पड़ताल कर रही है।

एसटीएफ के अनुसार, सात जुलाई 2025 को अबोहर में ‘न्यू वेयरवेल शोरूम’ के मालिक संजय वर्मा की हत्या से पहले शक्ति ने कारोबारी और शोरूम की रेकी की थी। आरोप है कि उसने आरजू बिश्नोई और अक्षय डेलू के कहने पर यह काम किया तथा साथियों के साथ वारदात में शामिल रहा।

पुलिस ने बताया कि आरोपी ने बरामद पिस्तौल और कारतूस पटियाला निवासी रामरतन से मिलने की जानकारी दी है। उसके अनुसार, हत्या के बाद फरार होने के दौरान अबोहर बाईपास फ्लाईओवर के नीचे रामरतन ने अपनी गाड़ी में उसे हथियार दिया था। पुलिस के मुताबिक, रामरतन बाद में मुठभेड़ में मारा गया था।

संजय वर्मा हत्याकांड में थाना सिटी-एक, फाजिल्का में मामला दर्ज है। वारदात के बाद से फरार शक्ति कुमार की गिरफ्तारी पर पंजाब पुलिस ने पांच लाख रुपए का इनाम घोषित किया था।

हिसार के आजाद नगर थाने में दो अक्टूबर को आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर नंबर 520 दर्ज की गई है। एसटीएफ की पूछताछ पूरी होने के बाद उसे पंजाब पुलिस के हवाले किया जाएगा।

Loading