फैक्ट्री आग हादसे पर चेयरमैन श्रवण कुमार गर्ग ने जताया शोक

10
Safidon factory fire
हरियाणा गौसेवा आयोग के चेयरमैन श्रवण कुमार गर्ग।
सफीदों (एस• के• मित्तल) : नगर की भाट बस्ती में स्थित एक फैक्ट्री में हुई भीषण आग की घटना ने पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया है। इस दर्दनाक हादसे में कई महिलाओं की जान चली गई, जबकि कई मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और लोग पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जता रहे हैं। इस घटना को लेकर हरियाणा गौसेवा आयोग के चेयरमैन श्रवण कुमार गर्ग ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि फैक्ट्री में लगी आग की यह घटना अत्यंत दुखद और चिंताजनक है। श्रवण कुमार गर्ग ने मृतक महिलाओं के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन द्वारा पीड़ितों को पूरा न्याय दिलाया जाएगा तथा इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है और पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच करवाई जा रही है। यदि जांच के दौरान किसी की लापरवाही या नियमों की अनदेखी सामने आती है तो संबंधित दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता दिलाने के लिए वे प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सैनी से बात करेंगे, ताकि मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा मिल सके और घायलों के इलाज में किसी प्रकार की कमी न रहे। उन्होंने आश्वासन दिया कि पीड़ितों को हर संभव सहायता दिलाने के लिए सरकार और प्रशासन पूरी तरह से प्रयासरत हैं।

Loading