अवैध फैक्ट्रियों व वर्कशॉप पर कार्रवाई हेतु एसडीएम ने गठित की कमेटी
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : नगर की गीता कालोनी में स्थित फैक्ट्री में हुई आगजनी की घटना के बाद उपमंडल में बिना अनुमति और सुरक्षा मानकों के विपरीत संचालित हो रही अवैध फैक्ट्रियों और वर्कशॉप पर सफीदों प्रशासन सख्त हो गया है। इस संबंध में सफीदों के एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने सोमवार को लघु सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में अधिकारियों की बैठक ली और एक कमेटी का गठन किया। इस कमेटी में जिला नगर योजनाकार, क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, उद्योग विभाग हिसार के उप निदेशक, सहायक श्रम आयुक्त एवं निरीक्षक, जिला दमकल अधिकारी, बीडीपीओ सफीदों व पिल्लूखेड़ा तथा नगरपालिका सफीदों के सचिव को शामिल किया गया है। यह कमेटी उपमंडल में विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण करेगी और जहां भी अवैध फैक्टरी, वर्कशॉप या अन्य औद्योगिक इकाई संचालित मिलती है, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उसे सील किया जाएगा। एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यह अभियान प्राथमिकता के आधार पर तुरंत प्रभाव से शुरू किया जाए और इसकी प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से एसडीएम कार्यालय में प्रस्तुत की जाए। इसके साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि भविष्य में किसी भी औद्योगिक इकाई को संचालित करने से पहले सभी आवश्यक अनुमतियां और सुरक्षा प्रबंध पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि भविष्य में इस प्रकार की आगजनी की घटना को रोकने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने आमजन से भी अपील करते हुए कहा कि यदि उपमंडल के किसी भी क्षेत्र में अवैध रूप से कोई फैक्टरी, कारखाना या वर्कशॉप संचालित हो रहा है, तो इसकी सूचना तुरंत एसडीएम कार्यालय सफीदों या संबंधित विभाग को दें। इस अवसर पर तहसीलदार राजेश गर्ग, नायब तहसीलदार संजय कुमार, फायर स्टेशन ऑफिसर रामेश्वर सिंह, डिप्टी डायरेक्टर फैक्टरी एक्ट रविंद्र सिंह, एसएचओ सदर राजेश कुमार व पवन कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
![]()











