झुलसी हुई राजबाला ने पानीपत व कमलेश ने रोहतक में 3 दिन बाद तोड़ा दम
मृतक महिलाओं की संख्या हुई 9
पुलिस ने अभी तक किसी भी घायल के नहीं करवाए मजिस्ट्रेट के सामने बयान
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : नगर की भाट कॉलोनी में विस्फोटक पदार्थ से बनाए जा रहे का खतरनाक रंगो की फैक्ट्री में आग लगने से झुलसी गांव सिंहपुरा निवासी राजबाला (50) ने पानीपत के निजी अस्पताल व कमलेश (58) ने रोहतक पीजीआई में दम तोड़ दिया। दोनों महिलाएं पिछले तीन दिन से उपचाराधीन थी। फैक्ट्री आगजनी कांड में मृतक महिलाओं की संख्या बढ़कर अब 9 हो गई है। हर दिन मृतकों की संख्या बढ़ती जा रही है। फिलहाल गांव मुआना हाल डिग्गी मोहल्ला निवासी बिमला (60) की हिसार के एक निजी अस्पताल और रोहतक पीजीआई में रानी दाखिल हैं, जिनकी भी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना 7 मार्च को पहले दिन 4 महिलाओं की मौत हुई, अगले दिन 8 मार्च को फिर महिला सरिता की मौत हुई और फिर 9 मार्च को धनपति व ममता दो महिलाओं मौत हो गई। आगजनी घटना में अभी भी तीन महिलाएं व तीन पुरुष झुलसे हुए हैं। मृतकों के परिजनों का कहना है कि फैक्ट्री में विस्फोटक पदार्थ से बम के शॉट, चतर-मटर, रंगों के स्मॉग व गंधक पोटाश आदि तैयार किया जाता था। ये विस्फोटक पदार्थ सफीदों में ही नहीं बल्कि पूरे हरियाणा व अन्य राज्यों में भी सप्लाई किए जाते थे। परिजनों का कहना है कि विस्फोटक प्रोडक्टस के मामले में सफीदो हब बना हुआ है। उक्त आरोपियों के सफीदों क्षेत्र में जगह गोदाम बने हुए हैं, लेकिन सफीदों प्रशासन अपनी आंखे मूंदे बैठा हुआ है।
बॉक्स:
किसी भी घायल के नहीं हुए मैजिस्ट्रेट के सामने ब्यान
इस आगजनी की घटना में परिजनों का यह भी आरोप है कि अभी तक सफीदों पुलिस द्वारा किसी भी घायल के मजिस्ट्रेट के सामने बयान नहीं करवाए गए हैं और ना ही कोई सीन ऑफ क्राइम टीम को बुलाकर के सीन क्रिएट किया गया है। इस मामले में पुलिस चुप बैठी है।

बॉक्स:
आरोपी की दुकान फूंकने की उठी अफवाह
इस मामले में नामजद आरोपी रामकरण की महात्मा रामपुरा रोड स्थित क्रोकरी की दुकान है। मंगलवार को यह अफवाह उड़ गई कि आरोपी की दुकान फूंकी जा सकती है। जिसके बाद प्रशासन व पुलिस हरकत में आ गई। आनन-फानन में सदर थाना प्रभारी राजेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टुकडी आरोपी की दुकान के बाहर सुरक्षा में तैनात कर दी गई। वहीं मौके पर दमकल की गाड़ी भी मौजूद रही। करीब 2 घंटे के बाद पुलिस प्रशासन वापिस लौट आया।

बाक्स:
डीसी व एसपी ने पीजीआई पहुंचकर घायलों का हालचाल
इस घटनाक्रम में डीसी मोहम्मद इमरान रजा व एसपी कुलदीप सिंह ने पीजीआईएमएस रोहतक पहुंचकर आगजनी में घायलों का हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों से मिलकर घायलों के उपचार के बारे में विस्तृत जानकारी ली तथा पीड़ित परिवारों से मिलकर उन्हें प्रशासन कि ओर से हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया। दोनों अधिकारियों ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना अत्यंत पीड़ादायक और हृदय विदारक है। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके दुःख की भरपाई कभी नहीं की जा सकती। जिला प्रशासन की संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। इस घटना के लिए जो भी जिम्मेदार हैं, उनके विरुद्ध कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है।
![]()











