दो आरोपी पहले ही पुलिस रिमांड पर, घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज जारी
सफीदों : सफीदों में पटाखा फैक्टरी में लगी भीषण आग के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फैक्टरी के असली मालिक को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोशनलाल निवासी बहादुरपुर के रूप में हुई है।
थाना शहर सफीदों के प्रबंधक अफसर पूर्ण दास ने जानकारी देते हुए बताया कि फैक्टरी में आगजनी के मामले में मुख्य आरोपी रोशनलाल को गिरफ्तार करने में पुलिस को सफलता मिली है। इस मामले में दो अन्य आरोपी राकेश उर्फ राजू और रामकरण निवासी सफीदों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जो फिलहाल पुलिस रिमांड पर चल रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इस मामले में अब तक कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। आगजनी की इस दर्दनाक घटना में इलाज के दौरान अब तक 9 महिलाओं की मौत हो चुकी है, जबकि अन्य घायलों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में जारी है। तीनों आरोपियों को माननीय अदालत में पेश करने के बाद जिला जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार मामले में अन्य आरोपियों की भी लगातार तलाश जारी है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद उपायुक्त जींद मोहम्मद इमरान रज़ा (आईएएस) और पुलिस अधीक्षक जींद कुलदीप सिंह (आईपीएस) ने 10 मार्च को पीजीआईएमएस रोहतक पहुंचकर ट्रॉमा सेंटर और अन्य वार्डों में भर्ती घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से घायलों के उपचार के बारे में विस्तृत जानकारी ली और पीड़ित परिवारों से मिलकर प्रशासन की ओर से हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं भी खतरनाक या अवैध तरीके से विस्फोटक सामग्री बनाने या भंडारण करने की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
![]()











