पलवल: हरियाणा के पलवल जिले में सड़क हादसे में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। होडल क्षेत्र के भुलवाना गांव में नेशनल हाईवे-19 पार करते समय तेज रफ्तार बाइक ने महिला को टक्कर मार दी। हादसे में महिला के सिर पर गंभीर चोटें आईं। परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे दिल्ली रेफर किया गया। इसी दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतका के बेटे की शिकायत पर अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दुकान से खेतों की तरफ जा रही थी महिला
मृतका की पहचान धकेली (65) के रूप में हुई है। उसके बेटे रविदत्त ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी मां गांव में स्थित एक परचून की दुकान से अपने खेतों की तरफ जा रही थी। सुबह करीब 11:30 बजे जब वह पैदल नेशनल हाईवे-19 पार कर रही थी, तभी होडल की तरफ से आ रहे एक बाइक सवार ने उसे सीधी टक्कर मार दी।
टक्कर लगने के बाद बुजुर्ग महिला सड़क पर गिर गई। हादसे में उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और परिजनों को सूचना दी गई।
हालत गंभीर होने पर दिल्ली किया रेफर
हादसे की जानकारी मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और घायल महिला को उत्तर प्रदेश के कोटवन स्थित एक निजी अस्पताल में लेकर गए। वहां डॉक्टरों ने महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला नागरिक अस्पताल रेफर कर दिया।
महिला के सिर में गंभीर चोट लगी थी और खून बहना बंद नहीं हो रहा था। ऐसे में डॉक्टरों ने उसे बेहतर उपचार के लिए दिल्ली के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। हालांकि, उपचार के लिए ले जाने के दौरान महिला की मौत हो गई।
बाइक नंबर के आधार पर चालक की तलाश
होडल थाना प्रभारी मनोज कुमार के अनुसार, मृतका के बेटे रविदत्त की शिकायत पर अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस बाइक के नंबर के आधार पर आरोपी चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद महिला का शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
![]()











