अंतर्राष्ट्रीय नर्सिंग दिवस पर राजकीय महिला नर्सिंग कॉलेज में भव्य आयोजन
35 छात्राओं का वेदांता में चयन
सफीदों (एस• के• मित्तल) : अंतर्राष्ट्रीय नर्सिंग दिवस के अवसर पर मंगलवार को राजकीय महिला नर्सिंग कॉलेज सफीदों में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रिंसिपल सुदेश चौधरी ने की, जबकि राज्य सूचना आयुक्त कर्मवीर सैनी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। मुख्य अतिथि का फूल मालाओं व स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया गया। इस दौरान छात्राओं ने नर्सिंग सेवा आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।
मुख्य अतिथि कर्मवीर सैनी ने कहा कि नर्सिंग केवल पेशा नहीं बल्कि मानवता की सेवा का सबसे पवित्र माध्यम है। एक नर्स मरीज को केवल उपचार ही नहीं बल्कि उम्मीद और हिम्मत भी देती है। उन्होंने कोविड-19 महामारी के दौरान नर्सों की भूमिका को याद करते हुए कहा कि नर्सें किसी भी स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ होती हैं। उन्होंने कहा कि राजकीय महिला नर्सिंग कॉलेज सफीदों ने कम समय में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। यहां की छात्राएं एम्स, वेदांता और पीजीआई जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में सेवाएं दे रही हैं। हाल ही में कॉलेज की 35 छात्राओं का चयन वेदांता मेडिकल संस्थान में हुआ है, जो कॉलेज की बड़ी उपलब्धि है।

प्रिंसिपल सुदेश चौधरी ने कहा कि प्रदेश में नर्सिंग के केवल तीन सरकारी कॉलेज हैं, जिनमें सफीदों कॉलेज में सबसे अधिक छात्राएं शिक्षा ग्रहण कर रही हैं। कॉलेज से शिक्षा प्राप्त कर छात्राएं देश-विदेश में सेवाएं दे रही हैं। उन्होंने बताया कि छात्राओं को नामी संस्थानों द्वारा कैंपस में ही प्लेसमेंट उपलब्ध करवाने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं।
कर्मवीर सैनी ने छात्राओं से सेवा भाव, निष्ठा और आधुनिक चिकित्सा तकनीकों का ज्ञान अर्जित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जब बेटियां आगे बढ़ती हैं तो परिवार, समाज और राष्ट्र प्रगति करते हैं। प्रदेश सरकार स्वास्थ्य व शिक्षा क्षेत्र को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
![]()







