नामी कंपनी के नाम से बनाकर बेचे जा रहे थे कूलर
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सफीदों शहर में नकली कूलर के कारोबार का मामला सामने आया है। प्रतिष्ठित कंपनी के नाम पर नकली कूलर तैयार कर बाजार में बेचने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने इस फैक्ट्री से 41 कूलर भी बरामद किए है। इस कार्रवाई के बाद स्थानीय बाजार में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार एम/एस क्रॉम्पटन ग्रीव्स कंजूमर इलेक्ट्रिकल लिमिटेड कंपनी की ओर से प्रतिनिधि सतविंदर राणा निवासी मोहाली ने सिटी पुलिस को साथ लेकर सफीदों की पुरानी चुंगी के पास स्थित एक फैक्ट्री में रेड़ की। रेड के दौरान पाया कि मौके पर उनकी कंपनी के नाम से नकली नेम प्लेट लगाकर कूलर तैयार किए जा रहे थे। मौके पर मिले रिंकू निवासी वार्ड नंबर 5, होली मोहल्ला सफीदों से जब कूलर बनाने संबंधी कागजात मांगे तो वह कोई कागजात पेश नहीं कर पाया। पुलिस ने छापेमारी के दौरान मौके से 41 तैयार कूलर बरामद किए हैं। कंपनी के प्रतिनिधि सतविंद्र राणा ने बताया कि उन्हे यहां से कई शिकायतें मिल रहीं थी कि आरोपी लंबे समय से कंपनी के ब्रांड नाम का दुरुपयोग कर नकली कूलर तैयार कर रहा था और उन्हें असली बताकर बाजार में बेचने और सप्लाई करने का काम कर रहा था। इस अवैध गतिविधि के चलते जहां उपभोक्ताओं के साथ धोखाधड़ी हो रही थी, वहीं संबंधित कंपनी की साख को भी गंभीर नुकसान पहुंच रहा था। ग्राहक असली ब्रांड के नाम पर नकली उत्पाद खरीदने को मजबूर हो रहे थे, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान के साथ-साथ खराब गुणवत्ता का सामना करना पड़ रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट 1957 की धारा 63 और 65 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
![]()







