एंटी करप्शन ने की घटिया निर्माण के आरोपों की जांच
टीम ने निर्माण के सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सफीदों नगर पालिका द्वारा महात्मा गांधी रोड पर एचडीएफसी बैंक के सामने स्थित शिव कॉलोनी में करोड़ों रुपए की लागत से बनाई गई गली अब विवादों में घिर गई है। कॉलोनीवासियों ने गली निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल और तकनीकी खामियों के गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसके बाद मामला एंटी करप्शन ब्यूरो तक पहुंच गया। शिकायतकर्ता होशियार सिंह द्वारा इस संबंध में एंटी करप्शन विभाग में शिकायत दर्ज करवाई गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि गली निर्माण में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की गई है और डिवाइडर भी गलत तरीके से बनाया गया है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए वीरवार को पंचकूला से एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम सफीदों पहुंची। टीम का नेतृत्व एक्सईएन जयसिंह ने की। इस मौके पर एंटी करप्शन मुख्यालय से जेईई अंकित, नगर पालिका के जेईई लोकेश, ठेकेदार सुमित और अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे। टीम ने मौके पर पहुंचकर गली का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान गली की संरचना, डिवाइडर की गुणवत्ता और उपयोग में लाई गई निर्माण सामग्री की गहन जांच की गई। एंटी करप्शन टीम ने विभिन्न स्थानों से निर्माण सामग्री के सैंपल भी एकत्र किए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। मौके पर मौजूद पत्रकारों से बातचीत करते हुए एंटी करप्शन के अधिकारी जयसिंह ने बताया कि उन्हें कॉलोनी निवासी होशियार सिंह की ओर से शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत में गली निर्माण में अनियमितताओं और घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाया गया था। उन्होंने कहा कि आज टीम ने मौके का निरीक्षण कर लिया है और आवश्यक सैंपल भी ले लिए गए हैं। जयसिंह ने आगे बताया कि सैंपलों की जांच रिपोर्ट तैयार होने के बाद इसे संबंधित विभाग के उच्च अधिकारियों को सौंपा जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
![]()











