12वीं कक्षा में भंभेवा राजकीय स्कूल का शानदार प्रदर्शन

3
Haryana Board Result

100 प्रतिशत परिणाम, 21 विद्यार्थियों ने बनाई मेरिट में जगह

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : उपमंडल सफीदों के गांव भंभेवा स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ने इस वर्ष 12वीं कक्षा के बोर्ड परीक्षा परिणाम में शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए शत-प्रतिशत परिणाम दर्ज किया है। विद्यालय के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन से न केवल स्टाफ और विद्यार्थियों में उत्साह है, बल्कि पूरे गांव में खुशी का माहौल बना हुआ है। इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में विद्यालय में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें प्राचार्य रमेश कुमार मित्तल और स्कूल प्रबंधन समिति के प्रधान राकेश कुमार ने मेधावी विद्यार्थियों को मैडल और फूलमालाएं पहनाकर सम्मानित किया। समारोह में विद्यार्थियों के अभिभावकों और शिक्षकों ने भी भाग लेकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया। प्राचार्य रमेश कुमार मित्तल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष विद्यालय के कुल 35 विद्यार्थियों ने 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा दी थी, जिनमें से सभी विद्यार्थी सफल रहे। इनमें से 21 विद्यार्थियों ने मेरिट सूची में स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। विद्यालय की छात्रा मधु घणघस पुत्री राजबीर ने 482 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि आंचल पुत्री जितेन्द्र, ने 481 अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा भी कई विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। एसएमसी प्रधान राकेश कुमार ने विद्यालय की इस सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यहां विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जा रही है। उन्होंने बताया कि विद्यालय में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं और शिक्षकों की मेहनत के कारण हर वर्ष बेहतर परीक्षा परिणाम सामने आते हैं। इस अवसर पर विद्यालय के प्रवक्ता अनिता रानी, सुमन देवी, करुणा लांबा, सुनीता देवी, रेणु, विष्णु दत्त, महेंद्र सिंह, रविंद्र सिंह, दिनेश कुमार, सोमबीर, सुनील कुमार और नसीम खान भी उपस्थित रहे।

Loading