हरियाणा में हरियाणा लोक सेवा आयोग की भर्ती प्रक्रिया को लेकर अभ्यर्थियों का विरोध प्रदर्शन तेज हो गया। उम्मीदवारों ने 35 प्रतिशत पात्रता मानदंड और भर्ती प्रक्रिया से जुड़े अन्य मुद्दों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी देखने को मिली।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि भर्ती नियमों में अचानक बदलाव कर अभ्यर्थियों के साथ अन्याय किया जा रहा है। उनका कहना है कि 35 प्रतिशत का नया क्राइटेरिया कई उम्मीदवारों के लिए परेशानी बन गया है। अभ्यर्थियों ने यह भी आरोप लगाया कि आयोग के नेतृत्व को लेकर भी पारदर्शिता नहीं बरती गई और बाहरी व्यक्ति को जिम्मेदारी सौंप दी गई।
स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई जब प्रदर्शनकारी आयोग कार्यालय की ओर बढ़ने लगे। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस दौरान कई अभ्यर्थियों को हाथ-पैर पकड़कर हटाया गया और कुछ को घसीटते हुए हिरासत में लिया गया। प्रदर्शन में शामिल कई युवतियों को भी पुलिस ने हिरासत में लेकर मौके से हटाया। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
छात्र संगठनों ने प्रशासन की कार्रवाई को गलत बताते हुए शांतिपूर्ण प्रदर्शन का अधिकार छीनने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए।
अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को और बड़ा किया जाएगा। छात्रों की मांग है कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए और विवादित नियमों की दोबारा समीक्षा की जाए।
![]()











