बेजुबान पक्षियों के लिए छात्राओं को किए 101 कसोरे वितरित
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : भीषण गर्मी से पक्षियों को बचाने की दिशा में वुमन इरा फाउंडेशन द्वारा चलाए जा रहे वॉटर फॉर विंग्स अभियान के तहत नगर के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में मिट्टी के कसोरे (सकोरे) वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था की फाउंडर गीतांजलि कंसल ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में विद्यालय के प्रिंसिपल यशपाल मौजूद रहे। इस अवसर पर संस्था की ओर से छात्राओं और स्कूल स्टाफ को पक्षियों के लिए 101 मिट्टी के कसोरे वितरित किए गए। साथ ही बच्चों को “छत पर पानी, आंगन में दाना, इस गर्मी हर पक्षी को है बचाना” का प्रेरणादायक स्लोगन भी दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने संकल्प लिया कि वे इन कसोरों को अपने घरों की छत, आंगन और बालकनी में सुरक्षित स्थानों पर रखेंगी और प्रतिदिन सुबह इनमें साफ पानी भरेंगी, ताकि पक्षियों को गर्मी से राहत मिल सके। संस्था की फाउंडर गीतांजलि कंसल ने कहा कि इस रिकॉर्ड तोड़ गर्मी में जहां इंसान परेशान हैं, वहीं बेजुबान पक्षी पानी की तलाश में भटक रहे हैं। ऐसे में अगर हर व्यक्ति अपने घर के बाहर एक छोटा सा पानी का बर्तन रख दे, तो कई पक्षियों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने बताया कि वॉटर फॉर विंग्स अभियान का उद्देश्य लोगों को इस दिशा में जागरूक करना और पक्षियों के प्रति संवेदनशील बनाना है। विद्यालय के प्रिंसिपल यशपाल ने संस्था के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों में बचपन से ही सेवा और संवेदना के संस्कार डालना बेहद आवश्यक है। इस प्रकार के कार्यक्रम न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अहम हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक सोच को भी बढ़ावा देते हैं। इस मौके पर मोनिका शर्मा, सुदेश भारद्वाज, भावना और निशा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
![]()











