फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद में पुलिस विभाग की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। एक थाने से 32 हथियार चोरी होने की जांच में आरोप है कि अप्रेंटिस के तौर पर आए एक युवक ने इस वारदात को अंजाम दिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चोरी हुए हथियारों में कई विदेशी पिस्टलें भी शामिल हैं, जिनकी कीमत प्रति हथियार करीब ₹12 लाख तक बताई जा रही है। पुलिस अब सभी हथियारों का पूरा रिकॉर्ड खंगाल रही है और उनकी बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फरीदाबाद पुलिस आयुक्त (CP) ने संबंधित थाने में लापरवाही बरतने के आरोप में एक ASI को निलंबित कर दिया है। साथ ही विभागीय जांच के भी आदेश दिए गए हैं।
पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज, रिकॉर्ड रजिस्टर, ड्यूटी चार्ट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की मदद से यह पता लगाया जा रहा है कि हथियार कब और कैसे गायब हुए तथा सुरक्षा व्यवस्था में कहां चूक हुई।
अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। चोरी हुए हथियारों की बरामदगी और पूरे घटनाक्रम का खुलासा करने के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। जांच जारी है।
![]()











