गुरुग्राम: गुरुग्राम में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के स्वागत समारोह के दौरान जेबकतरों ने भीड़ का फायदा उठाकर कई लोगों को निशाना बनाया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, करीब 20 लोगों के मोबाइल फोन और नकदी चोरी होने की शिकायत सामने आई है।
बताया जा रहा है कि कार्यक्रम में नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच फोटो खिंचवाने की होड़ लगी हुई थी। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर जेबकतरों ने वारदात को अंजाम दिया। कई लोगों को कार्यक्रम समाप्त होने के बाद अपने मोबाइल और नकदी गायब होने का पता चला।
पीड़ितों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने शिकायतें दर्ज कर जांच शुरू कर दी। आयोजन स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी शिकायतों की जांच की जा रही है। तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि भीड़भाड़ वाले कार्यक्रमों में अपने मोबाइल, पर्स और अन्य कीमती सामान की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
![]()











