हरियाणा के कुरुक्षेत्र में एक ड्रेन से करीब छह फुट लंबे मगरमच्छ का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया गया। मगरमच्छ के दिखाई देने की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बन गया। खेतों में काम करने वाले किसान भी एहतियात के तौर पर खेतों की ओर जाने से बचने लगे। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मगरमच्छ को ड्रेन में घूमते हुए देखा गया था। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी। टीम ने आवश्यक सुरक्षा इंतजाम करते हुए करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया। पूरे अभियान के दौरान पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने भी सहयोग किया ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि रेस्क्यू के बाद मगरमच्छ का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और उसे सुरक्षित रूप से कुरुक्षेत्र स्थित प्रजनन केंद्र में छोड़ दिया गया। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि यदि किसी क्षेत्र में मगरमच्छ या अन्य वन्यजीव दिखाई दें तो स्वयं पकड़ने या उन्हें नुकसान पहुंचाने की कोशिश न करें। ऐसी स्थिति में तुरंत वन विभाग या प्रशासन को सूचना दें।
ग्रामीणों ने वन विभाग की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए राहत की सांस ली। उनका कहना है कि मगरमच्छ के कारण बच्चों और किसानों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई थी। समय रहते रेस्क्यू होने से संभावित खतरे को टाल दिया गया।
वन विभाग ने नागरिकों से जल स्रोतों, नहरों और ड्रेनों के आसपास सतर्क रहने की अपील की है, विशेषकर बारिश के मौसम में जब वन्यजीव अपने प्राकृतिक आवास से बाहर निकल सकते हैं। विभाग ने कहा कि मानव और वन्यजीव दोनों की सुरक्षा के लिए जागरूकता और समय पर सूचना देना बेहद आवश्यक है।
![]()











