शिवभूमि सेवा समिति की पर्यावरण संरक्षण के प्रति बेहतरीन पहल शिवभूमि में पौधारोपण करके दिया गया हरियाली का संदेश

1
Shivbhoomi Seva Samiti

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : नगर के रामपुरा रोड स्थित शिवभूमि सेवा समिति द्वारा बुधवार को पर्यावरण संरक्षण अभियान के तहत एक प्रेरणादायक पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर समाज के गणमान्य लोगों ने भाग लेकर पर्यावरण बचाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अग्रवाल वैश्य समाज के अध्यक्ष प्रवीन मित्तल और वरिष्ठ पत्रकार महाबीर मित्तल उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व पालिका अध्यक्ष मनोज दीवान ने की, जबकि कार्यक्रम का संयोजन अखिल भारतीय ब्राह्मण संसद के अध्यक्ष संजीव गौतम द्वारा किया गया। इस दौरान शिवभूमि परिसर में लाल चंदन जैसे दुर्लभ और औषधीय महत्व वाले पौधों का रोपण किया गया। मुख्य अतिथियों ने स्वयं पौधे लगाकर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। अपने संबोधन में प्रवीन मित्तल और महाबीर मित्तल ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण केवल एक विकल्प नहीं, बल्कि हमारी सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रकृति और मानव जीवन का गहरा संबंध है, और यदि हम प्रकृति की अनदेखी करेंगे तो इसका दुष्परिणाम आने वाली पीढ़ियों को भुगतना पड़ेगा। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की। उनका कहना था कि केवल पौधारोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन पौधों को वृक्ष बनने तक संरक्षित रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। समिति के अध्यक्ष मनोज दीवान ने अपने संबोधन में कहा कि पर्यावरण की रक्षा करना हर व्यक्ति का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे ईश्वर का अनमोल उपहार हैं, जो हमें शुद्ध वायु प्रदान करते हैं और जीवन को संतुलित बनाए रखते हैं। कार्यक्रम संयोजक संजीव दीवान ने जानकारी दी कि पर्यावरण संरक्षण सप्ताह के अंतर्गत समिति द्वारा विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत समाज के प्रतिष्ठित लोगों को आमंत्रित कर दुर्लभ और औषधीय पौधों का रोपण करवाया जाएगा। साथ ही इन पौधों की देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी, ताकि यह अभियान केवल औपचारिकता बनकर न रह जाए, बल्कि एक स्थायी पहल के रूप में विकसित हो। कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

Loading