युवक पर जानलेवा हमला, मामला दर्ज

11
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सफीदों में एक युवक पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ युवकों ने मिलकर पीड़ित का रास्ता रोककर न केवल गाली-गलौज की, बल्कि उस पर तलवार, कुल्हाड़ी, चाकू और लाठी-डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस संबंध में थाना शहर पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में गांव खेड़ा खेमावती निवासी दीपक पांचाल ने आरोप लगाए कि घटना 17 जुलाई की शाम करीब 7 बजे की है। वह अपने साथी श्याम के साथ पानीपत रोड स्थित पेट्रोल पंप के नजदीक पहुंचा ही था कि तभी अरमान, अभिनव, मोहित, लविश और हरमन नामक युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि इन युवकों ने पहले गाली-गलौज की और फिर अचानक तेजधार हथियारों व लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में श्याम को गंभीर चोटें आई हैं। हमलावरों ने न केवल बेरहमी से पिटाई की, बल्कि जाते-जाते जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद पीड़ित को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंची। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

Loading