गुरु पूर्णिमा पर विशाल भंडारे का आयोजन 29 जुलाई को

5
Guru Purnima

सफीदों (एस• के• मित्तल) : दीवान परिवार के तत्वावधान में आगामी 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा महोत्सव बड़े श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर गुरु बाबा रमते राम स्थल, रामपुरा रोड, सफीदों में विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में जानकारी देते हुए आयोजन समिति के अध्यक्ष मनोज दीवान ने बताया कि गुरु पूर्णिमा के इस पावन अवसर पर दिनभर धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 9 बजे हवन यज्ञ से होगी, जिसमें क्षेत्र के श्रद्धालु आहुति डालकर पुण्य लाभ अर्जित करेंगे। इसके पश्चात सुबह 10 बजे एक विशेष बैठक का आयोजन किया जाएगा, जिसमें स्थल के विकास कार्यों और भविष्य की योजनाओं को लेकर सुझाव लिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि सुबह 11 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। मनोज दीवान ने कहा कि गुरु पूर्णिमा का पर्व गुरु के प्रति आस्था, श्रद्धा और कृतज्ञता व्यक्त करने का प्रतीक है। इस दिन लोग अपने गुरुओं का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लेते हैं। उन्होंने बताया कि गुरु बाबा रमते राम स्थल में सफीदों के लोगों की अगाध आस्था है और हर वर्ष यह आयोजन होता है। आयोजकों ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे इस धार्मिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर भंडारे का प्रसाद ग्रहण करें।

Loading