सब्जी मंडी में मार्केट कमेटी ने दी शेड हटाने की चेतावनी अवैध कब्जे हटवाने के बाद चलाया सफाई अभियान

3
VegetableMarket

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सफीदों की सब्जी मंडी में अवैध कब्जों को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। मार्केट कमेटी ने गुरुवार को व्यापारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि अवैध रूप से लगाए गए शेड तुरंत हटा लें, अन्यथा सख्त कार्रवाई के लिए तैयार रहें। 20 जुलाई से शुरू हुए अभियान के तहत दुकानदारों को स्वयं कब्जे हटाने के लिए दो दिन का समय दिया गया था, जो अब समाप्त हो चुका है। इसके बावजूद कुछ दुकानदारों द्वारा कब्जे नहीं हटाए जाने पर प्रशासन ने साफ कर दिया है कि अब किसी भी प्रकार की ढील नहीं दी जाएगी। इस दौरान मार्केट कमेटी के सचिव मनोज पाराशर की देखरेख में मंडी में फैले कचरे को हटाने के लिए विशेष सफाई अभियान भी चलाया गया। सफाई कर्मचारियों ने पूरे परिसर को साफ किया। गौरतलब है कि इससे पहले प्रशासन ने जेसीबी मशीनों की मदद से अवैध फड़, लोहे के शेड और अस्थायी ढांचे हटाए थे। इस कार्रवाई के दौरान कुछ दुकानदारों ने भेदभाव के आरोप भी लगाए, जिससे माहौल कुछ समय के लिए तनावपूर्ण हो गया था। सब्जी मंडी में लंबे समय से जगह को लेकर विवाद चल रहा था, जिस कारण फल और सब्जी विक्रेताओं के बीच आए दिन झगड़े होते थे। इस संबंध में कई शिकायतें मुख्यमंत्री, जींद के उपायुक्त और मार्केट कमेटी मुख्यालय तक पहुंची थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने तहसीलदार राजेश गर्ग को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त कर विशेष टीम गठित की, जिसके नेतृत्व में यह अभियान लगातार जारी है। गुरुवार को जहां कई दुकानदारों ने अपने कब्जे हटाने शुरू कर दिए, वहीं कुछ स्थानों पर अभी भी अवैध कब्जे बने हुए हैं। ऐसे में अब प्रशासन की अगली कार्रवाई को लेकर मंडी में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

Loading