हरियाणा के रेवाड़ी में आयोजित ग्रीवेंस कमेटी की बैठक के दौरान मंत्री गंगवा अधिकारियों के कार्यप्रणाली को लेकर नाराज दिखाई दिए। बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़ी जन शिकायतों की सुनवाई के दौरान उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि लोगों की शिकायत आने का इंतजार करने के बजाय समस्याओं का पहले ही समाधान किया जाना चाहिए।
बैठक के दौरान मंत्री गंगवा ने अधिकारियों से कहा कि सरकारी कर्मचारियों का दायित्व केवल शिकायतों का निपटारा करना नहीं, बल्कि ऐसी स्थिति बनने से पहले ही समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने कहा कि जनता को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ने चाहिए।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि लोगों को परेशान करने की प्रवृत्ति छोड़ें और अपने दायित्वों का ईमानदारी तथा संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
ग्रीवेंस कमेटी की बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित कई शिकायतों पर सुनवाई की गई। अधिकारियों से लंबित मामलों की जानकारी ली गई और शिकायतों के शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए गए।
मंत्री गंगवा ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता आम नागरिकों को समयबद्ध और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे जनता के साथ सकारात्मक व्यवहार रखें और प्रशासनिक कार्यों में जवाबदेही सुनिश्चित करें।
बैठक के अंत में संबंधित विभागों को निर्देश दिया गया कि शिकायतों का निस्तारण तय समय सीमा के भीतर किया जाए और भविष्य में ऐसी समस्याओं की पुनरावृत्ति न हो।
![]()











