सफीदों, (एस• के• मित्तल) : नगर के ऐतिहासिक नागक्षेत्र सरोवर मंदिर में पवित्र श्रावन मास के उपलक्ष्य में विशेष धार्मिक अनुष्ठानों का भव्य आयोजन किया जाएगा। भगवान शिव की आराधना को समर्पित इस आयोजन में रुद्राभिषेक, कालसर्प दोष निवारण और शांति पूजा विधि-विधान के साथ संपन्न कराई जाएगी। मंदिर के पुजारी यतिंद्र कौशिक ने जानकारी देते हुए बताया कि यह आयोजन सावन के प्रत्येक सोमवार को आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सावन का पहला सोमवार 3 अगस्त, दूसरा सोमवार 10 अगस्त, तीसरा सोमवार 17 अगस्त नाग पंचमी और चौथा सोमवार 24 अगस्त को पड़ेगा। इन सभी दिनों में सुबह से ही मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना का क्रम शुरू हो जाएगा, जिसमें श्रद्धालु भाग लेकर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि श्रावन मास भगवान शिव की उपासना के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण और शुभ माना जाता है। इस दौरान किए गए पूजा-पाठ, अभिषेक और अनुष्ठान का विशेष धार्मिक महत्व होता है और यह भक्तों को मनोवांछित फल प्रदान करता है। पुजारी यतिंद्र कौशिक के अनुसार, कालसर्प दोष शांति पूजा उन श्रद्धालुओं के लिए विशेष रूप से लाभकारी है, जिनके जीवन में ग्रह दोष, बाधाएं या मानसिक तनाव बना रहता है। इस पूजा के माध्यम से नकारात्मक प्रभावों को दूर कर जीवन में संतुलन, शांति और समृद्धि लाई जा सकती है। उन्होंने बताया कि मंदिर प्रबंधन की ओर से इस आयोजन को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। यतिंद्र कौशिक ने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में मंदिर पहुंचकर इस पवित्र आयोजन का हिस्सा बनें।
![]()











