भाविप सर्पदमन शाखा ने चलाया वृक्षारोपण अभियान जन्मेजय स्टेडियम में किया फलदार व औषधीय पौधों का रोपण

5
Bharat Vikas Parishad
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : नगर की सामाजिक संस्था भारत विकास परिषद, सर्पदमन शाखा, सफीदों द्वारा रविवार को महाराजा जन्मेजय स्टेडियम में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संयोजन पर्यावरण संयोजक संदीप जैन ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष कृष्ण जैन ने की। संस्था के पदाधिकारियों व सदस्यों ने स्टेडियम परिसर में आंवला, नीम, नींबू और अमरूद जैसे फलदार, औषधीय तथा छायादार पौधे रोपित किए। कार्यक्रम के दौरान सभी सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और समाज को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने के लिए प्रेरित किया। अपने संबोधन में वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों को देखते हुए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक हो गया है। पेड़ न केवल हमें शुद्ध वायु प्रदान करते हैं, बल्कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। एक पेड़ – अनेक जीवन का संदेश आज के समय में बेहद प्रासंगिक है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि हर व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी नियमित देखभाल भी करनी चाहिए। इस मौके पर संजीव दीवान, मोहित कंसल, सतीश शर्मा, पुरुषोत्तम शर्मा, उमेश दीवान, हरीश वशिष्ठ, अखिल गुप्ता, अमित गुप्ता, डॉ. लवकेश भाटिया, ललित दीवान, संदीप दीवान व नरेश बुरा विशेष रूप से मौजूद रहे।

Loading