सफीदों में बिजली कर्मचारियों का जोरदार प्रदर्शन 11-13 अगस्त की हड़ताल को सफल बनाने का ऐलान

5
Safidon News
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : हरियाणा बिजली कर्मचारी एवं इंजीनियर संयुक्त संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर बुधवार को सब अर्बन बिजली बोर्ड सफीदों के प्रांगण में कर्मचारियों, अधिकारियों और भारतीय किसान यूनियन के प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में स्मार्ट मीटर योजना, बिजली सेवाओं के निजीकरण और कर्मचारियों से जुड़ी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ रोष व्यक्त किया गया। प्रदर्शन में शामिल कर्मचारियों और अधिकारियों ने एक स्वर में सरकार से मांग की कि स्मार्ट मीटर योजना पर पुनर्विचार किया जाए और बिजली बोर्ड के निजीकरण की प्रक्रिया पर तुरंत रोक लगाई जाए। उन्होंने कहा कि नूंह, मेवात और गुरुग्राम जैसे क्षेत्रों में बिजली सेवाओं के निजीकरण से न केवल कर्मचारियों के हित प्रभावित होंगे, बल्कि उपभोक्ताओं को भी महंगी और अस्थिर सेवाओं का सामना करना पड़ेगा। कर्मचारियों ने यह भी मांग उठाई कि उन्हें जोखिम भत्ते (रिस्क अलाउंस) का लाभ दिया जाए, कच्चे कर्मचारियों को नियमित किया जाए तथा इंटर यूटिलिटी सहित अन्य लंबित मुद्दों का जल्द समाधान किया जाए। वक्ताओं ने कहा कि लंबे समय से ये मांगें लंबित हैं, लेकिन सरकार द्वारा इन पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा, जिससे कर्मचारियों में भारी असंतोष है। वक्ताओं ने कहा कि यह आंदोलन केवल कर्मचारियों का नहीं, बल्कि आम जनता के हितों से भी जुड़ा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि निजीकरण की नीतियां जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालेंगी और रोजगार के अवसरों को भी प्रभावित करेंगी। सभा में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि सरकार उनकी मांगों का शीघ्र समाधान नहीं करती है, तो 11, 12 और 13 अगस्त 2026 को प्रस्तावित हड़ताल को पूर्ण रूप से सफल बनाया जाएगा। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों को नजरअंदाज किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस मौके पर मनोज, नरेश कुमार, जितेंद्र भारद्वाज, रविंद्र कुमार, राकेश चंद्र, अनिल कुमार, इंदल, टेक राम, राजेंद्र कुमार, सुनील कुमार, कप्तान सिंह, सुरेश कुमार और पंकज कुमार सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी और अधिकारी मौजूद रहे।

Loading