दो पिस्तौल व जिंदा कारतूस सहित युवक गिरफ्तार

2
Safidon News
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सीआईए स्टाफ सफीदों ने एक युवक को दो अवैध पिस्तौल और जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा पकड़े गए युवक की पहचान गांव साहनपुर निवासी रवि के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से दो देसी पिस्तौल और तीन जिंदा राउंड बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सदर सफीदों में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। मामले की जानकारी देते हुए सीआईए स्टाफ सफीदों के प्रभारी उप निरीक्षक राधेश्याम ने बताया कि उनकी टीम नियमित गश्त के दौरान गांव साहनपुर क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली कि एक युवक गांव धर्मगढ़ की ओर से साहनपुर की तरफ पैदल आ रहा है और उसके पास अवैध हथियार हैं। सूचना में यह भी बताया गया कि यदि तुरंत कार्रवाई की जाए तो आरोपी को हथियारों सहित पकड़ा जा सकता है। गुप्त सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत नाकाबंदी कर दी और संदिग्ध व्यक्ति की तलाश शुरू कर दी। कुछ ही समय बाद पुलिस को बताए गए हुलिए के अनुसार एक युवक आता दिखाई दिया। पुलिस वाहन को देखते ही युवक घबरा गया और वापस मुड़कर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे कुछ दूरी पर ही काबू कर लिया। पकड़े जाने के बाद युवक से नाम-पता पूछने पर उसने अपनी पहचान रवि निवासी गांव साहनपुर के रूप में बताई। पुलिस ने जब उसकी तलाशी ली तो उसके पास से दो अवैध पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ के दौरान आरोपी इन हथियारों के संबंध में कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने बरामद किए गए दोनों पिस्तौल और कारतूस को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी इन हथियारों को कहां से लेकर आया था और इन्हें किस उद्देश्य से उपयोग में लाने वाला था।

Loading