विधायक रामकुमार गौतम की अगुवाई में निकाली गई तिरंगा यात्रा देशभक्ति के नारों से गूंज उठी ऐतिहासिक नगरी सफीदों

3
Safidon News
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : केंद्र एवं राज्य सरकार की ओर से 9 से 17 अगस्त तक चलाए जा रहे हर घर तिरंगा अभियान के तहत मंगलवार को ऐतिहासिक नगरी सफीदों में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। विधायक रामकुमार गौतम की अगुवाई में निकली इस यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर उत्साहपूर्वक भाग लिया। तिरंगा यात्रा के दौरान गूंजते देशभक्ति के नारों से पूरा शहर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। इस अवसर पर पूर्व विधायक कलीराम पटवारी समेत अनेक नेताओं, कार्यकर्ताओं व आम लोगों ने शिरकत करके वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। तिरंगा यात्रा का शुभारंभ शहर के ऐतिहासिक नागक्षेत्र सरोवर से हुआ। यहां से यात्रा एमजी रोड होते हुए विश्राम गृह पहुंची, जहां इसका समापन किया गया। शहर के विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों ने तिरंगा यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। अपने संबोधन में विधायक रामकुमार गौतम ने कहा कि भारत को आजादी दिलाने में पूरे राष्ट्र का गौरवशाली इतिहास रहा है। देश की स्वतंत्रता के लिए असंख्य महापुरुषों, स्वतंत्रता सेनानियों और वीर जवानों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उन्होंने कहा कि आज का दिन उन महान लोगों को याद करने का अवसर है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए संघर्ष किया और राष्ट्रप्रेम की भावना को सर्वोच्च स्थान दिया। विधायक ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करे और इसके गौरव को बनाए रखे। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल कपड़े का एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, स्वाभिमान और गौरव का प्रतीक है। रामकुमार गौतम ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करना तथा देश की एकता एवं अखंडता के प्रति लोगों को जागरूक करना है। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि 17 अगस्त तक चलने वाले इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना व्यक्त करें।

Loading