हांसी ब्रांच नहर में तैरता मिला युवक का शव

6
Hansi News
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : शहर के बीचों-बीच से गुजर रही हांसी ब्रांच नहर में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब राहगीरों ने नहर में एक युवक का शव तैरता हुआ देखा। शव दिखाई देने की सूचना तुरंत सिटी थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकलवाया। शव अर्धनग्न अवस्था में था। मृतक युवक की पहचान करनाल जिले के गांव रम्भा निवासी राकेश कुमार (35) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार राकेश कुमार 9 अगस्त से लापता था। उसके लापता होने के बाद परिजनों ने संबंधित चौकी में गुमशुदगी की शिकायत भी दर्ज करवाई थी। जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह हांसी ब्रांच नहर के पास से गुजर रहे एक राहगीर की नजर नहर में तैर रहे शव पर पड़ी। उसने बिना देरी किए मामले की सूचना सिटी थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पालिका कर्मचारियों के सहयोग से शव को नहर से बाहर निकलवाया। शव मिलने की सूचना क्षेत्र में तेजी से फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने शव की पहचान कराने के प्रयास शुरू किए। काफी प्रयास के बाद मृतक की पहचान राकेश कुमार के रूप में होने पर सिटी थाना प्रभारी सतीश कुमार ने मामले की सूचना मृतक के परिजनों को दी। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करते हुए शव को सफीदों के नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों द्वारा पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव को सौंप दिया गया। मामले की आगे की कार्रवाई करनाल पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।

Loading