सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सफीदों ब्लाक व पिल्लूखेड़ा ब्लाक के नवनियुक्त कांग्रेस अध्यक्ष रणबीर भुसलाना व विक्रम कुंडू का बुधवार को नगर की पुरानी अनाज मंडी में पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं द्वारा जोरदार अभिनंदन किया गया। इसके अलावा पंचायती राज संगठन के जिलाध्यक्ष विजेंद्र ढाठरथ व उनकी कार्यकारिणी का भी स्वागत किया गया। अभिनंदन समारोह में बतौर अतिथि पूर्व विधायक सुभाष गांगोली, जिला प्रधान ऋषिपाल, एसआईआर के जिला प्रभारी धर्मबीर गोयत तथा वरिष्ठ कांग्रेस नेता निरवैल सिंह ने शिरकत की। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ कांग्रेस नेता संजीव मुआना ने किया। कार्यक्रम में पहुंचने पर पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त ब्लाक अध्यक्ष रणबीर भुसलाना का फूलमालाओं के साथ स्वागत किया और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर रणबीर भुसलाना ने पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे वह पूरी निष्ठा, ईमानदारी और लगन के साथ निभाने का प्रयास करेंगे। उनका प्रयास रहेगा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाए तथा अधिक से अधिक लोगों को कांग्रेस की विचारधारा से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने के साथ-साथ आमजन के बीच पार्टी की नीतियों और विचारधारा को पहुंचाने का काम करेंगे। वहीं पूर्व विधायक सुभाष गांगोली ने रणबीर भुसलाना व विक्रम कुंडू को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई देते हुए कहा कि वह लंबे समय से पार्टी के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं और एक कर्मठ एवं मेहनती नेता हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में कांग्रेस संगठन को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी एकजुट होकर पार्टी संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। वहीं जिला प्रधान ऋषिपाल ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का आधार उसके मेहनती और समर्पित कार्यकर्ता हैं। नवनियुक्त ब्लाक अध्यक्षों के नेतृत्व में सफीदों हलके में संगठन को और अधिक सक्रिय किया जाएगा तथा कार्यकर्ताओं को साथ लेकर पार्टी की गतिविधियों को आगे बढ़ाया जाएगा। एसआईआर के जिला प्रभारी धर्मबीर गोयत और वरिष्ठ कांग्रेस नेता निरवैल सिंह ने भी दोनों पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कांग्रेस हमेशा आम आदमी, किसान, मजदूर, कर्मचारी और युवा वर्ग से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देती रही है। संगठन की मजबूती के साथ इन मुद्दों को और प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा। इस मौके पर स. निरवैल सिंह, संजीव मुआना, विजेंद्र ढाठरथ, मदन पांचाल, संजीव सांगवान जयपुर, अमित कुंडू सहित काफी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
![]()











