सफीदों, (एस• के• मित्तल) : उपमंडल सफीदों के गांव हरिगढ़ में स्वतंत्रता दिवस समारोह बड़े उत्साह, उमंग और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। समारोह में ग्रामीणों, युवाओं और बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान तिरंगा फहराकर राष्ट्रगान के साथ स्वतंत्रता दिवस का जश्न मनाया गया। भारत माता के जयकारों से कार्यक्रम स्थल गूंज उठा। समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर रिटायर्ड फौजी पूर्ण चहल ने शिरकत की, जबकि कैथल पुलिस में तैनात एएसआई कर्मवीर लांबा विशिष्ट अतिथि के रूप में पहुंचे। अतिथियों का ग्रामीणों द्वारा फूल-मालाओं के साथ स्वागत किया गया। मुख्य अतिथि ने ध्वजारोहण कर देश के वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। कार्यक्रम में गांव के स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारजनों को सम्मानित उनके योगदान को याद किया गया। इस अवसर पर बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। अतिथियों ने कहा कि देश को आजादी दिलाने में स्वतंत्रता सेनानियों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उनके त्याग और बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का दिन नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को याद करने का अवसर भी है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित में आगे बढ़कर काम करने और देश की एकता व अखंडता को मजबूत करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
![]()











