सफीदों, (एस• के• मित्तल) : नगर के मदनी मदरसा में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि राजपुरोहित पुरुषोत्तम कौशिक तथा हरियाणा हज कमेटी के पूर्व सदस्य अकबर खान राणा ने विशिष्टातिथि के रूप में शिरकत की। वहीं विशेष अतिथि के रूप में वरिष्ठ पत्रकार प्रवीन मित्तल व महाबीर मित्तल शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता मदरसा अध्यक्ष वेदपाल खान ने की। मौलाना मुमताज ने अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी। तिरंगा लहराते ही मदरसा परिसर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। मदरसे में पढ़ने वाले बच्चों ने हाथों में तिरंगा लेकर वंदे मातरम का जयघोष किया। मुख्यातिथि पुरुषोत्तम कौशिक ने कहा कि देश की आजादी असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों और अमर शहीदों के त्याग व बलिदान का परिणाम है। उन्हीं वीर सपूतों की बदौलत आज हम आजादी की खुली हवा में सांस ले रहे हैं। स्वतंत्रता दिवस हमें उन महान बलिदानियों को याद करने और उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर देता है। वहीं अकबर खान राणा ने कहा कि तिरंगा देश के गौरव और स्वाभिमान का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में योगदान दे। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे स्वतंत्रता सेनानियों के बताए मार्ग पर चलें और देश की तरक्की में अपना योगदान दें।
![]()











