कन्या कॉलेज में धूमधाम से मनाया स्वतंत्रता दिवस

7
Independence Day
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : नगर के सरला मैमोरियल राजकीय महिला महाविद्यालय में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. बलवान सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया और उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज को सम्मानपूर्वक सलामी दी। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय परिसर देशभक्ति के माहौल से सराबोर नजर आया। विद्यार्थियों और स्टाफ सदस्यों ने स्वतंत्रता दिवस के इस राष्ट्रीय पर्व पर देश की एकता, अखंडता और गौरव को बनाए रखने का संकल्प लिया। प्राचार्य प्रो. बलवान सिंह ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने वाले वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक याद किया। उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता असंख्य महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष, साहस और राष्ट्रप्रेम का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों के बलिदान को सदैव याद रखना और उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। प्राचार्य ने युवाओं से कहा कि देश के विकास में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।

Loading