कुरुक्षेत्र : माता वैष्णो देवी के दर्शन कर कटरा से नई दिल्ली लौट रहे मध्य प्रदेश के 31 वर्षीय युवक की कुरुक्षेत्र जिले में ट्रेन से गिरने के बाद मौत हो गई। युवक का शव डोडा खेड़ी क्षेत्र में रेलवे लाइन के पास घास में पड़ा मिला। राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) ने आधार कार्ड, रेल टिकट और मोबाइल समेत अन्य जानकारी के आधार पर उसकी पहचान कराई।
मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के दमोह जिले के लुहारी गांव निवासी देवेंद्र लोधी के रूप में हुई है। वह खेतीबाड़ी करता था। करीब आठ साल पहले उसकी शादी रजनी बाई से हुई थी। परिवार में उसकी तीन बेटियां और एक बेटा है। बताया गया है कि देवेंद्र तीन बहनों का इकलौता भाई था।
पुलिस को दिए बयान में मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के केरवारा निवासी कमलेश लोधी ने बताया कि वह अपने चचेरे भाई देवेंद्र लोधी और देवेंद्र के साले शिवराज सिंह के साथ माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए गया था। तीनों 1 सितंबर को यात्रा पर निकले थे।
माता वैष्णो देवी के दर्शन करने के बाद तीनों ट्रेन नंबर 12446 उत्तर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस से कटरा से नई दिल्ली लौट रहे थे। यात्रा के दौरान ट्रेन अंबाला रेलवे स्टेशन को पार कर आगे बढ़ रही थी।
बताया गया है कि इसी दौरान देवेंद्र ने अपने साथ बैठे शिवराज सिंह से बाथरूम जाने की बात कही और सीट से उठकर चला गया। काफी समय गुजरने के बाद भी वह वापस नहीं आया तो उसके साथियों को चिंता हुई।
कमलेश और शिवराज ने ट्रेन के डिब्बे और बाथरूम के आसपास देवेंद्र की तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। इसी बीच उन्हें कुछ यात्रियों से जानकारी मिली कि डोडा खेड़ी रेलवे स्टेशन के आसपास एक युवक चलती ट्रेन से नीचे गिर गया है।
ट्रेन जब पानीपत रेलवे स्टेशन पर रुकी तो दोनों वापस डोडा खेड़ी की तरफ आए और देवेंद्र की तलाश शुरू की। तलाश के दौरान रेलवे किलोमीटर नंबर 158/18 के पास रेलवे लाइन से बाहर घास में एक युवक का शव पड़ा मिला।
घटनास्थल पर पहले से लोगों की भीड़ जमा थी और पुलिस भी मौके पर मौजूद थी। देवेंद्र के साथियों के पहुंचने पर पुलिस ने उनसे शव की पहचान कराई। उन्होंने मृतक की पहचान देवेंद्र लोधी के रूप में की।
GRP ने घटनास्थल पर आवश्यक कार्रवाई करने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। कमलेश और शिवराज के बयान दर्ज किए गए और मामले में इत्तफाकिया कार्रवाई की गई है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया।
प्रारंभिक जानकारी में युवक के चलती ट्रेन से गिरने की बात सामने आई है। हालांकि वह ट्रेन से किन परिस्थितियों में गिरा, इसकी जांच GRP कर रही है।
देवेंद्र की अचानक मौत की सूचना से परिवार में शोक है। चार बच्चों के पिता और तीन बहनों के इकलौते भाई की धार्मिक यात्रा से लौटते समय हुई मौत से परिजनों को गहरा सदमा लगा है। फिलहाल रेलवे पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
![]()











