मोबाइल टावर पर फिर चढ़ा युवक शादी और तलाक की मांग पर मचा हाई-वोल्टेज ड्रामा

4
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : उपमंडल के गांव बहादुरगढ़ में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक अपनी मांगों को लेकर मोबाइल टावर पर जा चढ़ा। युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और युवक को समझाकर नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए गए। समाचार लिखे जाने तक युवक टावर पर ही मौजूद था। जानकारी के अनुसार गांव बहादुरगढ़ निवासी सुनील पेशे से मजदूर है। बताया जा रहा है कि वह शादीशुदा है, लेकिन वर्तमान में एक अन्य महिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा है। युवक की मांग है कि जिस महिला के साथ वह फिलहाल रह रहा है, उसके साथ उसकी शादी करवाई जाए और जिस महिला से वह पहले से विवाहित है, उससे उसका तलाक करवाया जाए। इसी मांग को लेकर वह रविवार को अचानक गांव में स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक के टावर पर चढ़ने की खबर गांव में तेजी से फैल गई। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने युवक को नीचे उतरने के लिए काफी समझाया-बुझाया, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ा रहा। सूचना मिलने के बाद डायल-112 पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचे और युवक से बातचीत कर उसे नीचे उतरने के लिए मनाने का प्रयास किया। ग्रामीण और पुलिस लगातार युवक से नीचे आने की अपील करते रहे। काफी देर तक समझाने के बावजूद युवक नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ।
बाक्स:
यह पहली बार नहीं है, जब सुनील ने अपनी इसी मांग को लेकर मोबाइल टावर का सहारा लिया हो। कुछ दिन पहले भी वह पास लगते गांव रत्ताखेड़ा में मोबाइल टावर पर चढ़ गया था। उस समय भी उसने शादी और तलाक से जुड़ी अपनी मांगें ग्रामीणों और पुलिस के सामने रखी थीं। उस दौरान पुलिस और ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद उसे समझाकर टावर से नीचे उतारा था। रविवार को एक बार फिर उसी तरह की स्थिति सामने आने से ग्रामीणों में चर्चा का माहौल बन गया। लोग युवक को समझाने और उसे सुरक्षित नीचे में जुटे रहे। पुलिस भी लगातार बातचीत के जरिए स्थिति को संभालने का प्रयास करती रही। समाचार लिखे जाने तक सुनील मोबाइल टावर पर ही चढ़ा हुआ था और ग्रामीण तथा पुलिस उसे सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में लगे हुए थे।

Loading