जींद : हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा ने कथित पाखंडवाद के खिलाफ अपनी मुहिम को आगे बढ़ाते हुए सोशल मीडिया पर नया वीडियो जारी किया है। वीडियो में उन्होंने दावा किया कि एक सप्ताह के भीतर पाखंडवाद के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने युवाओं से इस मुहिम में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि अभी इस विषय पर उनके दो और गाने आने बाकी हैं।
वीरवार रात सोशल मीडिया पर लाइव आए मासूम शर्मा ने कहा कि उन्होंने पाखंडवाद के खिलाफ अभियान के तहत अब तक दो गाने बनाए हैं। उनके मुताबिक उनका गाना ‘तत्वदर्शी’ यूट्यूब पर सातवें नंबर पर और हाल में रिलीज हुआ ‘फिल्मी बाबा’ ऑल इंडिया स्तर पर दूसरे नंबर पर ट्रेंड कर रहा है। ये रैंकिंग मासूम शर्मा की ओर से किए गए दावे हैं।
मासूम ने वीडियो में कहा कि पहले लोगों और राजनीतिक नेताओं के बीच कुछ कथित बाबाओं के प्रभाव और उनके समर्थकों की संख्या को लेकर डर का माहौल था। उन्होंने दावा किया कि अब स्थिति बदल रही है और बड़ी संख्या में लोग कथित पाखंड के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं।
मासूम शर्मा इससे पहले जींद में एक मंदिर में आयोजित भजन संध्या के दौरान भी पाखंडवाद को लेकर तीखी टिप्पणियां कर चुके हैं। वहां उन्होंने अपना ‘तत्वदर्शी’ गाना प्रस्तुत करते हुए सनातन धर्म की रक्षा के नाम पर लोगों से कथित पाखंडियों का विरोध करने की अपील की थी। उस दौरान उनकी कुछ टिप्पणियों को लेकर विवाद भी सामने आया था।
अब जारी वीडियो में मासूम शर्मा ने कहा कि पाखंडवाद के विषय पर अभी दो और नए गाने तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपने स्तर पर कथित ढोंग और पाखंड के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की।
वीडियो में मासूम शर्मा ने कथित ढोंगी-पाखंडियों के पोस्टर और होर्डिंग हटाने की बात भी कही। उन्होंने युवाओं से ऐसे पोस्टर हटाते हुए वीडियो बनाकर उन्हें सोशल मीडिया पर टैग करने की अपील की और कहा कि वे ऐसे वीडियो अपनी स्टोरी पर साझा करेंगे।
हालांकि किसी निजी या सार्वजनिक संपत्ति पर लगे पोस्टर, होर्डिंग अथवा अन्य सामग्री को बिना अनुमति फाड़ना या नुकसान पहुंचाना कानूनी विवाद का कारण बन सकता है। सार्वजनिक स्थानों पर किसी सामग्री को हटाने की कार्रवाई संबंधित प्रशासन या अधिकृत एजेंसी के अधिकार क्षेत्र में आती है।
मासूम शर्मा ने हाल ही में अपना दूसरा गाना ‘फिल्मी बाबा’ रिलीज किया है। करीब 3 मिनट 41 सेकेंड का इसका ऑफिशियल ट्रैक 8 सितंबर को उनके सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जारी किया गया। गाने को मासूम शर्मा ने आवाज दी है, जबकि इसे अमर करनावल ने लिखा है।
गाने में कथित पाखंडी बाबाओं और डेरों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए गए हैं। मासूम शर्मा का कहना है कि वह आगे भी इस मुद्दे पर अपनी बात रखते रहेंगे और पाखंडवाद के खिलाफ उनकी मुहिम जारी रहेगी।
फिलहाल मासूम शर्मा की अपील और टिप्पणियां सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई हैं। उनके बयान व्यक्तिगत विचार और दावे हैं। किसी व्यक्ति या संस्था को ‘ढोंगी’ अथवा ‘पाखंडी’ बताने संबंधी आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि आवश्यक है।
![]()











