पंचकूला : सेक्टर-11 स्थित अलिफ लैला नाइट क्लब में देर रात हुए विवाद के दौरान फायरिंग का मामला सामने आया है। घटना में क्लब में वीडियो और ब्लॉग से जुड़ा काम करने वाली 22 वर्षीय अंजलि घायल हो गई। पुलिस ने मौके से पंजाब के तीन युवकों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। घायल महिला को सेक्टर-6 स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस को दी शिकायत में चंडीगढ़ निवासी अंजलि ने बताया कि वह पिछले करीब दो सप्ताह से अपनी सहेलियों प्रियंका, मुस्कान और आश्मा के साथ अलिफ लैला नाइट क्लब में ब्लॉग और वीडियो बनाने का काम कर रही है। शनिवार रात करीब 11 बजे वह काम के सिलसिले में क्लब पहुंची थी।
अंजलि के अनुसार रात करीब ढाई बजे वह सीढ़ियों के पास बने वॉशरूम से बाहर निकली। इसी दौरान क्लब के मेन गेट के पास कुछ युवकों के बीच झगड़ा और मारपीट हो रही थी। स्थिति देखकर वह सीढ़ियों के पास ही रुक गई।
शिकायत के मुताबिक विवाद के दौरान किसी युवक ने कांच का गिलास फेंका, जो दीवार से टकराकर टूट गया। उसके टुकड़ों से अंजलि की गर्दन के पास चोट आई। इसी बीच मामला और बढ़ गया।
अंजलि ने पुलिस को बताया कि कुछ ही देर में सफेद रंग की शर्ट पहने एक युवक पिस्तौल लेकर क्लब के अंदर आया और फायरिंग कर दी। शिकायत के अनुसार दो फायर किए गए। इस दौरान एक गोली या उसका हिस्सा दीवार से टकराने के बाद अंजलि की पीठ और गर्दन के नजदीक लगा, जिससे वह घायल हो गई।
घटना के तुरंत बाद क्लब के एक कर्मचारी ने अंजलि की मदद की और उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। बताया गया है कि शुरुआत में वह पुलिस शिकायत दर्ज कराने के लिए तैयार नहीं थी। बाद में समझाने और उसके मंगेतर की मौजूदगी में उसने पुलिस को शिकायत दी।
फायरिंग और मारपीट के बाद क्लब में मौजूद लोगों और सुरक्षाकर्मियों ने तीन युवकों को मौके पर ही पकड़ लिया। इस दौरान भीड़ द्वारा तीनों युवकों के साथ मारपीट किए जाने की बात भी सामने आई है। सूचना मिलने पर सेक्टर-10 पुलिस चौकी और डायल-112 की टीम घटनास्थल पर पहुंची और तीनों को अपने कब्जे में लिया।
पकड़े गए युवकों की पहचान पंजाब के फिरोजपुर जिले के गांव मट्टरउतार निवासी लखबीर सिंह उर्फ लकी, गांव बंदीवाला निवासी गुरप्रीत और गांव जुवाये सिंहवाला निवासी करन के रूप में बताई गई है।
तीनों की मेडिकल जांच भी कराई गई। पुलिस के अनुसार मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों को जांच में शामिल किया जा रहा है। युवकों के नशे में होने की स्थिति तथा विवाद से पहले और बाद की उनकी गतिविधियों के संबंध में भी जांच की जा रही है।
घटना के बाद सीन ऑफ क्राइम और फोरेंसिक टीम भी क्लब पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वहां से हथियार चलने से संबंधित कई साक्ष्य एकत्र किए। इनमें एक जिंदा अथवा मिसफायर कारतूस, दो खाली खोल और एक बुलेट हेड शामिल बताए गए हैं। इसके अलावा टूटे हुए कांच के गिलास के टुकड़ों को भी जांच के लिए कब्जे में लिया गया है।
पुलिस क्लब के CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। फुटेज और फोरेंसिक जांच के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि फायरिंग किस युवक ने की, विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और इस्तेमाल किया गया हथियार किसका था।
इसके साथ ही पुलिस हथियार के लाइसेंस और उसके स्रोत से संबंधित जानकारी भी जुटा सकती है। घटनास्थल से बरामद कारतूस और अन्य बैलिस्टिक साक्ष्यों को जांच के लिए भेजा जा सकता है।
सेक्टर-5 थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। पकड़े गए युवकों से पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच जारी है। फायरिंग की परिस्थितियों, घायल महिला को लगी चोट की प्रकृति और प्रत्येक आरोपी की भूमिका CCTV, फोरेंसिक रिपोर्ट, मेडिकल रिकॉर्ड और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर स्पष्ट होगी।
![]()











