सफीदों, (एस• के• मित्तल) : नगर के स्वामी निगमबोध तीर्थ गीता विद्या मंदिर में जेसीआई द ग्रेट टीम द्वारा जेसीआई वीक के अंतर्गत प्रभावशाली डिबेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था की अध्यक्ष डॉ. पूनम सिंगला ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा मंडल अध्यक्ष गीता बिटानी ने शिरकत की। निर्णायक मंडल में निशा जैन ने विद्यार्थियों के तर्क, प्रस्तुति शैली और विषय की समझ के आधार पर प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय की प्रधानाचार्या रुचि कंसल ने अतिथियों का परिचय करवाते हुए उनका स्वागत किया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों के लिए क्या एआई एक बेहतर लीडर तैयार कर सकता है? तथा क्या सोशल मीडिया नेतृत्व का मंच बन चुका है? जैसे समसामयिक और महत्वपूर्ण विषय रखे गए। कक्षा चौथी से आठवीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए दोनों विषयों पर पक्ष और विपक्ष में अपने प्रभावशाली विचार प्रस्तुत किए। अपने संबोधन में डॉ. पूनम सिंगला ने प्रतियोगिता की भूमिका और उद्देश्यों पर प्रकाश डालते कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों में केवल विषय संबंधी ज्ञान ही नहीं बढ़ातीं, बल्कि उनके आत्मविश्वास, तर्कशक्ति और अभिव्यक्ति कौशल को भी मजबूत करती हैं। अपने संबोधन में मुख्यातिथि गीता बिटानी ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों को मंच प्रदान करने के साथ-साथ उनमें नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। प्रतियोगिता के समापन पर प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं सांत्वना स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को जेसीआई सफीदों द ग्रेट की ओर से सम्मानित किया गया। वहीं अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
![]()











